भोपाल। सीएम डॉ. मोहन यादव ने एक्स हेंडल पर मुरैना के सबलगढ़ एसडीएम को निलंबित करने के आदेश दिए हैं। एसडीएम अरविंद माहौर ने युवती से फोन पर गाली-गलौज की थी।
सीएम ने कमिश्नर को माहौर को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को मुरैना कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई के दौरान पीड़ित परिवार ने कलेक्टर अंकित अस्थाना से एसडीएम की वीडियो समेत शिकायत की थी, जिसके बाद कलेक्टर ने उन्हें हटा दिया था।
सीएम ने एक्स पर लिखा-” सबलगढ़ (मुरैना) के एसडीएम अरविन्द माहौर के विरुद्ध महिला से अभद्र व्यवहार एवं नियमविरुद्ध पटवारियों के तबादले करने की गंभीर शिकायतों के संज्ञान में आने के पश्चात् एसडीएम को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिये हैं। इस प्रकरण में कमिश्नर चंबल को अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए भी गए हैं।
फोन पर गालीगलौज और धमकाने का आरोप शिकायतकर्ता महिला और उसके पति ने बताया कि एसडीएम ने उनकी बेटी का मोबाइल नंबर पता कर लिया था। पिछले एक साल से देर रात फोन कर गंदी-गंदी बातें करता है। जब उनकी बेटी ने फोन उठाना बंद कर दिया तो रिश्तेदारों को फोन पर धमकाने लगा। एसडीएम ने सबलगढ़ में देवर की दुकान पर पहुंचकर धमकी दी कि तेरी बेटी और तेरी भाभी में बहुत गर्मी है, झूठे केस में फंसा दूंगा। मुझसे बड़ा कोई अधिकारी नहीं है।
वीडियो में SDM गाली-गलौज करते हुए दिख रहे महिला ने जनसुनवाई में शिकायत के साथ एक वीडियो भी कलेक्टर को सौंपा है। वीडियो में दिख रहे एसडीएम अभद्र भाषा में बात करते दिख रहे हैं। वीडियो में वह देवर से पूछते हैं कि तेरी भाभी कहां की है?… और फिर कई आपत्तिजनक बातें करते हैं।
