रामायण का ट्रेलर 24 जुलाई को होगा रिलीज, मेकर्स ने किया ऐलान; रणबीर कपूर से लेकर यश तक दिखेगी दमदार स्टारकास्ट

भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित और महत्वाकांक्षी फिल्मों में शामिल ‘रामायण’ का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। फिल्म के निर्माताओं ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि ‘रामायण’ का ट्रेलर 24 जुलाई 2026 को दुनियाभर में रिलीज किया जाएगा। इस ऐलान के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर उत्साह और भी बढ़ गया है।

मेकर्स ने सोशल मीडिया पर एक विशेष पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि रामायण ने सदियों से धर्म, मर्यादा, साहस और करुणा जैसे मूल्यों के माध्यम से पीढ़ियों को प्रेरित किया है। अब यह महागाथा भारतीय सिनेमा के अब तक के सबसे बड़े पैमाने पर दुनिया के सामने पेश की जा रही है। पोस्ट के अंत में ट्रेलर की रिलीज डेट 24 जुलाई घोषित की गई।

दमदार स्टारकास्ट से सजी है फिल्म

निर्देशक नितेश तिवारी की इस मेगा बजट फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं सनी देओल हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण, काजल अग्रवाल मंदोदरी, रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा और कुणाल कपूर भगवान इंद्र के किरदार में नजर आएंगे। इसके अलावा आदिनाथ कोठारे, लारा दत्ता, शीबा चड्ढा और अरुण गोविल भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

करीब 4000 करोड़ रुपये के बजट की बताई जा रही फिल्म

रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘रामायण’ दो भागों में रिलीज होगी। पहले भाग को दिवाली 2026 और दूसरे भाग को दिवाली 2027 पर सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है। निर्माता नमित मल्होत्रा पहले भी बता चुके हैं कि दोनों भागों का संयुक्त बजट लगभग 4000 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है, जिससे यह भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में शामिल हो गई है।

ट्रेलर रिलीज की आधिकारिक तारीख सामने आने के बाद अब फैंस को 24 जुलाई का बेसब्री से इंतजार है, जब फिल्म की भव्य दुनिया की पहली विस्तृत झलक देखने को मिलेगी।

Exit mobile version