भोपाल। मध्यप्रदेश में बीजेपी संगठन ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी है। इसी को लेकर सीएम हाउस में शनिवार शाम पार्टी के कोर ग्रुप की मीटिंग चल रही है। इसमें मंत्रियों के प्रभार के जिलों और खाली निगम-मंडलों के संबंध में चर्चा हो सके है। इसके अलावा, लाडली बहना योजना और बूथ विस्तारक अभियान पर भी चर्चा हो रही है।
बैठक में शामिल होने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, नरेंद्र सिंह तोमर और सीनियर नेता कैलाश विजयवर्गीय भी भोपाल पहुंचे। एयरपोर्ट पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इन नेताओं का स्वागत किया। इसके बाद वे संघ कार्यालय पहुंचे। कुछ देर यहां रुकने के बाद विधायक रामेश्वर शर्मा के घर भी पहुंचे। यहां से सिंधिया बैठक में शामिल होने के लिए सीएम हाउस पहुंचे।बैठक में केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, वीरेंद्र खटीक, प्रहलाद पटेल समेत राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन मंत्री हितानंद समेत कोर ग्रुप सदस्य बैठक में शामिल हैं।
इन विषयों पर चर्चा
- शिवराज सरकार में ऐसे कई मंत्री हैं, जिनके प्रभार के जिलों की दूरी काफी लंबी है। इस कारण वे समय-समय पर जिलों का दौरा नहीं कर पाते। आगामी समय में चुनाव होने की वजह से ज्यादातर अपने गृह जिले में है। इसलिए लंबी दूरी के जिलों के प्रभार वाले मंत्रियों की अदला-बदली पर चर्चा हो सकती है।
- कुछ निगम मंडल में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष की नियुक्ति होना है। इनकी सूची पर भी चर्चा होगी।
- पार्टी के बूथ विस्तारक अभियान को लेकर मंथन किया जाएगा।
- लाडली बहना योजना का कार्यक्रम समेत 23 मार्च को होने वाले बड़े इवेंट पर भी चर्चा संभावित है।
- 23 मार्च को शिवराज सरकार के चौथे कार्यकाल के तीन साल हो जाएंगे।
संगठनात्मक बैठक हुई
इससे पहले बीजेपी की संगठनात्मक बैठक प्रदेश कार्यालय में शनिवार को हुई। इसमें सभी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक, सह संयोजक व जिला संयोजक शामिल हुए। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद आदि ने संबोधित किया। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि भाजपा के विचार, नीतियों और हमारी सरकारों के द्वारा किए जा रहे जनकल्याण के कामों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का सबसे प्रभावशाली माध्यम हमारे विभिन्न प्रकोष्ठ है।
Post a Comment