MP : सतना में दो लोहा कारोबारियों से 32.19 लाख की GST चोरी पकड़ाई

सतना. सतना के बिरसिंहपुर कस्बे में स्टेट जीएसटी विभाग ने दो लोहा कारोबारियों के यहां जांच के दौरान 32.19 लाख रुपए की जीएसटी चोरी पकड़ी है। यह राशि दोनों कारोबारियों ने मौके पर जमा कर दी। कारोबार से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं, जिनका सतना कार्यालय में परीक्षण किया जाएगा। प्रारंभिक जांच में जीएसटी की राशि और बढ़ने की संभावना जताई गई है।
जानकारी के मुताबिक, स्टेट जीएसटी की 15 सदस्यीय टीम ने सर्किल एक में पंजीकृत अजय प्लाईवुड एवं हार्डवेयर और गौरी हार्डवेयर एवं प्लाईवुड पर गुरुवार को दबिश दी। दस्तावेजों और स्टॉक अधिक होने के कारण मौके पर पूरी जांच नहीं हो पाई। दोनों फर्मों को सीज कर दिया गया। शुक्रवार को फिर से जांच शुरू हुई। इसमें अजय प्लाईवुड में 14.71 लाख और गौरी हार्डवेयर में 17.48 लाख की जीएसटी चोरी पकड़ी गई।
आईटीसी से सेटलमेंट कर टैक्स की चोरी
जांच में सामने आया कि दोनों कारोबारी महज 10 फीसदी से भी कम टैक्स जमा करते थे और 90 फीसदी राशि इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) सेटलमेंट के जरिए टैक्स चोरी कर रहे थे। जांच में सतना से जुड़े अन्य कारोबारियों से जुड़े दस्तावेज भी मिले। ये व्यापारी कच्चे लोहा और अन्य बिल्डिंग मटेरियल लेकर बिरसिंहपुर के आसपास के गांवों में बेचते थे।
जांच में शामिल अधिकारी
इस कार्यवाही में सर्किल एक की असिस्टेंट कमिश्नर मनोरमा तिवारी, अमित सिंह, एसटीओ मृत्युंजय तिवारी, प्रियंका सोगौरा, सुदीप चतुर्वेदी, कृपा शंकर सिंह, सविता रावत, ओम दुबे समेत कई अधिकारी शामिल थे।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles