इंदौर. शहर में गहराते जल संकट को लेकर कांग्रेस ने आज राजबाड़ा पर प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की अगुवाई में बड़ा धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कांग्रेस के कई नेता, कार्यकर्ता, महिलाएं और अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे रहवासी शामिल हुए। राजबाड़ा “पानी दो”, “महापौर इस्तीफा दो” और “महापौर मुर्दाबाद” के नारों से गूंज उठा।
प्रदेश कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए शहरवासियों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की।धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि इंदौर में भाजपा के दो कैबिनेट मंत्री, नौ विधायक, एक सांसद और एक महापौर होने के बावजूद जनता को पीने का पानी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार प्रचार और आयोजनों में व्यस्त है, जबकि आम नागरिक बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जल संकट जैसी मूलभूत समस्या के समाधान में पूरी तरह विफल साबित हुई है और कांग्रेस जनता के अधिकारों एवं मूलभूत सुविधाओं के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
प्रदर्शन में सज्जन सिंह वर्मा, बाला बच्चन, सत्यनारायण पटेल, चिंटू चौकसे, विपिन वानखेड़े और रीना बौरासी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि इंदौर की जनता को जल्द नियमित पेयजल उपलब्ध नहीं कराया गया, तो पार्टी आने वाले समय में बड़ा जनआंदोलन करेगी।
