MP में जल्द प्रशासनिक सर्जरी, 3 विभागों में प्रमुख सचिव की नियुक्ति संभव

भोपाल। मध्यप्रदेश में जल्द बड़े प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी है। पशुपालन, पर्यावरण और विमानन विभाग में प्रमुख सचिव की नियुक्ति हो सकती है, जबकि कमजोर प्रदर्शन वाले अधिकारियों से अहम जिम्मेदारियां छीनी जा सकती हैं।
सरकारी सूत्रों के अनुसार राज्य के कई महत्वपूर्ण विभाग बिना नियमित प्रमुख सचिव (पीएस) के संचालित हो रहे हैं, जबकि अपेक्षित प्रदर्शन नहीं करने वाले कुछ वरिष्ठ अधिकारियों से अहम जिम्मेदारियां वापस ली जा सकती हैं। माना जा रहा है कि सरकार सक्रिय और बेहतर परिणाम देने वाले अधिकारियों को महत्वपूर्ण विभागों की कमान सौंपने की तैयारी में है।
सबसे पहले पशुपालन विभाग में बदलाव तय माना जा रहा है। विभाग के प्रमुख सचिव आईएएस उमाकांत उमराव अगले महीने सेवानिवृत्त होने वाले हैं। उनके रिटायर होने के बाद इस विभाग में नए प्रमुख सचिव की नियुक्ति की जाएगी।
वहीं, पर्यावरण विभाग और विमानन विभाग भी फिलहाल अतिरिक्त प्रभार के सहारे चल रहे हैं। पर्यावरण विभाग का अतिरिक्त प्रभार एसीएस अनिरुद्ध मुखर्जी के पास है, जबकि विमानन विभाग एसीएस संजय कुमार शुक्ल संभाल रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि दोनों विभागों में जल्द स्वतंत्र प्रमुख सचिव नियुक्त किए जा सकते हैं।
कई अधिकारियों के प्रदर्शन पर सवाल
सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री स्तर से लेकर विभिन्न समीक्षा बैठकों में कुछ अधिकारियों के कामकाज पर असंतोष सामने आया है। इन अधिकारियों को पहले भी प्रदर्शन सुधारने की हिदायत दी जा चुकी है, लेकिन अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने पर अब उनके विभाग बदले जा सकते हैं। उनकी जगह बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को जिम्मेदारी मिलने की संभावना है।
कृषि उत्पादन आयुक्त की भी तलाश
राज्य सरकार इस वर्ष ‘कृषक कल्याण वर्ष’ मना रही है। ऐसे में कृषि उत्पादन आयुक्त (APC) का पद भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। फिलहाल इसका अतिरिक्त प्रभार एसीएस केसी गुप्ता के पास है। माना जा रहा है कि सरकार इस पद पर भी किसी स्वतंत्र वरिष्ठ अधिकारी की नियुक्ति कर सकती है।
जनसंपर्क विभाग को मिल सकता है अलग सचिव
जनसंपर्क विभाग फिलहाल एसीएस अनुपम राजन के पास है। उनके पास उच्च शिक्षा और संसदीय कार्य जैसे बड़े विभाग भी हैं। ऐसे में सरकार जनसंपर्क विभाग के लिए अलग सचिव स्तर के अधिकारी की नियुक्ति पर विचार कर सकती है।
विमानन विभाग पर विशेष फोकस
विमानन विभाग मुख्यमंत्री की सुरक्षा और वीआईपी मूवमेंट से जुड़ा संवेदनशील विभाग माना जाता है। फिलहाल इसका अतिरिक्त प्रभार एसीएस संजय कुमार शुक्ल के पास है। सूत्रों के अनुसार सरकार यहां पूर्णकालिक प्रमुख सचिव नियुक्त करने की तैयारी में है।
हालांकि, संभावित तबादलों और नई नियुक्तियों को लेकर राज्य सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। फिलहाल सभी चर्चाएं विभागीय सूत्रों के हवाले से सामने आ रही हैं।

Exit mobile version