भोपाल। राजधानी के कलेक्टर कार्यालय के पास नगर निगम जोन 2 के अंतर्गत वार्ड 10 में सीवेज लाइन का कार्य शुरू किया गया है, जिसके लिए गुरू गोविंद सिंह द्वार से वाजपेई नगर के लिए पाइप लाइन बिछाने के लिए खुदाई शुरू हो गई है, जबकि वहां पर मात्र 3-4 साल पहले सीवेज लाइन बिछाई गई थी, उसे से तोड़कर यह कार्य किया जा रहा है। टूटे पाइप वहीं फेक दिए गये है। कोहेफिजा के कई घरों में आज भी गन्दा पानी आ रहा है।
पुरानी सीवेज लाइन लगभग 4 साल पहले बिछाई गई थी, जिसकी लागत लगभग 10 लाख रुपए आई थी। उस सीवेज लाइन को तोड़ने पर नगर निगम के 10 लाख रुपए बर्बाद कर दिए गये. अब फिर नई सीवेज लाइन डाली जा रही है। इस पर 15 लाख रूपये खर्च आने की सम्भावना है।
यह सीवेज लाइन नगर निगम के सॉलिड वेस्ट ट्रांसफर स्टेशन ईदगाह हिल्स से मुख्य मार्ग गुरू गोविंद सिंह द्वार तक डाली जा रही है, जिसकी दूरी लगभग 400 मीटर है। यहाँ 10 इंच के पाइप बिछी हुई थी, जिसे तोड़ने की शुरूआत गुरु गोबिंद सिंह द्वार से की गई, जो कि लगभग 30 मीटर तक हो चुका है. सीवेज चेंबर और पाइप भी तोड़े गए हैं. यह कार्य 30 साल के प्लान के तहत हो रहा है, जबकि पूर्व से बिछी 10 इंच की पाइप लाइन भी काम आ सकती थी।
पाइप वहीं पर तोड़कर फेक दिए गये हैँ। कोहेफिजा की तरफ वाली पाइप लाइन खुली छोड़ दी गई, इससे वहां घरों में गन्दा पानी आने लगा। कई शिकायतें की गई, उस लाइन का सुधार तो नहीं किया गया, अब नई लाइन डाल कर पैसा बर्बाद किया जा रहा है। इसमें अधिकारी और ठेकेदार की मिलीभगत है।
