WAR : ईरान ने इजराइल पर 4 मिसाइलें दागीं, 300 लोग घायल, ट्रम्प ने होर्मुज खोलने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया

Tehran. ईरान ने इजराइल पर रविवार सुबह से 4 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, इन हमलों में 300 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इजराइली विदेश मंत्रालय और स्वास्थ्य सेवाओं के अनुसार, घायलों में बच्चे भी शामिल हैं।

इससे पहले ईरान ने शनिवार रात भी इजराइल के डिमोना और अराद शहरों पर हमला किया था। यहां इजराइल का बड़ा न्यूक्लियर प्लांट है।

ईरान की ओर से यह हमले ट्रम्प की धमकी के बाद बढ़े हैं। दरअसल, ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर धमकी देते हुए लिखा-अगर 48 घंटे के भीतर होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह नहीं खोला गया, तो अमेरिका ईरान के पावर प्लांट पर हमला करेगा। शुरुआत सबसे बड़े प्लांट से होगी।
वहीं, ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर उसके पावर प्लांट को निशाना बनाया गया, तो वह मिडिल ईस्ट में अमेरिका और इजराइल से जुड़े सभी ऊर्जा ढांचों पर हमला करेगा।

ईरान बोला- BRICS देश हमला रोकने में रोल निभाएं

ईरान के राष्ट्रपति मसूज पजशकियान ने शनिवार को पीएम मोदी से फोन पर बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि BRICS को ईरान पर हो रहे हमले रोकने में भूमिका निभानी चाहिए।उन्होंने कहा कि BRICS को बिना किसी दबाव के, अपने दम पर काम करना चाहिए और इस मामले में आगे आना चाहिए। ईरान के राष्ट्रपति ने यह भी सुझाव दिया कि मिडिल ईस्ट के देशों को मिलकर एक नया सुरक्षा सिस्टम बनाना चाहिए। इससे इलाके में शांति और स्थिरता बनी रहेगी और बाहर के देशों का दखल कम होगा।

इजराइल बोला- मिसगव पर हमला रॉकेट से हुआ, न की एंटी-टैंक मिसाइल से
इजराइल की सेना (IDF) ने कहा है कि उत्तरी इलाके मिसगव में हुआ हमला रॉकेट से किया गया था, न कि एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल से। सेना के मुताबिक, लेबनान की तरफ से दागा गया रॉकेट दो गाड़ियों पर गिरा, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई।
इस हमले की जिम्मेदारी हिजबुल्लाह ने ली है और दावा किया है कि उसने इजराइली सैनिकों को निशाना बनाया था। फिलहाल इस घटना को लेकर जांच जारी है और सुरक्षा बल हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

बहरीन बोला- अब तक 145 मिसाइल और 246 ड्रोन मार गिराए
बहरीन की रक्षा सेना ने कहा है कि ईरान के साथ युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक उसने 145 मिसाइलों और 246 ड्रोन को इंटरसेप्ट कर नष्ट किया है।बयान में कहा गया कि देश की एयर डिफेंस प्रणाली लगातार हो रहे हमलों का मुकाबला कर रही है।

खाड़ी देशों और ईरान के बीच बढ़ा तनाव बढ़ा
खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) ने ईरान के उन आरोपों को खारिज कर दिया है, जिनमें कहा गया था कि खाड़ी देश सैन्य कार्रवाइयों में शामिल हैं। GCC के महासचिव जासिम मोहम्मद अलबुदैइवी ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया।

अलबुदैइवी ने ईरान के खिलाफ कड़ा बयान देते हुए कहा कि वह खाड़ी देशों पर लगातार खुलेआम हमले कर रहा है, जिसमें इंफ्रास्ट्रक्चर और तेल सुविधाओं को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है।
यह बयान ऐसे समय आया है जब खाड़ी देशों और ईरान के बीच तनाव तेजी से बढ़ रहा है। युद्ध शुरू होने के बाद से ईरान पर आरोप है कि वह खाड़ी क्षेत्र में ऊर्जा और नागरिक ढांचे पर हमले कर रहा है, जबकि ईरान का कहना है कि वह केवल अमेरिका के हितों को निशाना बना रहा है।ईरान ने कुछ खाड़ी देशों पर यह भी आरोप लगाया है कि उन्होंने अपने क्षेत्रों को अमेरिका के हमलों के लिए इस्तेमाल करने दिया।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles