ईरान-अमेरिका-इज़रायल के बीच संघर्ष और तेज़ होता जा रहा है. जंग को शुरू हुए 34 दिन हो चुके हैं और नए टकराव की आशंकाएं सामने आ रही हैं. अमेरिकी सेना ने कहा है कि उसने अब तक 12,300 से ज़्यादा ईरानी ठिकानों पर हमला किया है, जिनमें कमांड और कंट्रोल सेंटर, बैलिस्टिक मिसाइल साइटें और स्टोरेज बंकर शामिल हैं. वहीं, 155 से ज़्यादा जहाज़ों को नुकसान पहुंचा है या वे तबाह हो गए हैं. सेना का यह भी कहना है कि युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक, आधुनिक लड़ाकू विमानों और बमवर्षकों की मदद से 13,000 से ज़्यादा लड़ाकू उड़ानें भरी गई हैं.
मिडिल ईस्ट में हमले जारी रहने के बीच, ट्रंप ने आज जंग को लेकर अपना पहला ‘प्राइमटाइम’ संबोधन दिया. उन्होंने अपनी स्पीच में कहा कि वियतनाम का युद्ध 18 साल तक चला था, लंबे-लंबे युद्ध चल चुके हैं. ऑपरेशन एपिन फ्यूरी जारी रहेगा.
रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के इस्फ़हान प्रांत में एक एयरपोर्ट पर हमला हुआ है. वहीं, कुवैत का कहना है कि पिछले 24 घंटों के दौरान उसकी एयर सिक्योरिटी सिस्टम ने तीन क्रूज़ मिसाइलों और 15 ड्रोन को मार गिराया है.
जहां एक तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप यह दावा कर रहे हैं कि ईरान ने सीजफायर की पेशकश की है, वहीं तेहरान ने ऐसी किसी भी पेशकश से साफ इनकार किया है. इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति के बेतुके दिखावों के चलते, इस राष्ट्र के दुश्मनों के लिए ‘होर्मुज़ स्ट्रेट को नहीं खोला जाएगा.
ट्रंप चाहते हैं कि दूसरे देश होर्मुज़ पर कब्ज़ा कर लें
Posted by :- Sakib
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि जो देश होर्मुज़ स्ट्रेट के रास्ते तेल की शिपमेंट पर निर्भर हैं, उन्हें इस रास्ते की सुरक्षा खुद ही सुनिश्चित करनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि अमेरिका इसमें मदद करेगा, लेकिन उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि यह ज़िम्मेदारी उन देशों की है कि वे उस तेल की सुरक्षा में आगे बढ़कर नेतृत्व करें, जिस पर वे इतनी बुरी तरह निर्भर हैं.
ट्रंप ने कहा, “मेरा एक सुझाव है. पहला, अमेरिका से तेल खरीदें, हमारे पास बहुत तेल है. हमारे पास बहुत ज़्यादा तेल है. दूसरा, थोड़ी हिम्मत जुटाएं. यह काम पहले ही कर लेना चाहिए था. जैसा हमने कहा था, वैसा ही हमारे साथ मिलकर करना चाहिए था, होर्मुज स्ट्रेट में जाएं और बस उस पर कब्ज़ा कर लें, उसकी सुरक्षा करें और उसका इस्तेमाल अपने लिए करें.”
अगले 2-3 हफ़्तों में ईरान पर ज़ोरदार हमला करेंगे: ट्रंप
Posted by :- Sakib
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका आने वाले हफ़्तों में ईरान के ख़िलाफ़ अपने सैन्य अभियान को और तेज़ करेगा, भले ही पर्दे के पीछे बातचीत जारी हो.
ट्रंप ने कहा, “हम अगले दो से तीन हफ़्तों में उन पर बहुत ज़ोरदार हमला करने जा रहे हैं.” उन्होंने आगे कहा कि ईरान का तेल इंफ्रास्ट्रक्चर एक संभावित निशाना बना हुआ है और कहा कि ज़रूरत पड़ने पर अमेरिका “उनके तेल ठिकानों पर हमला कर सकता है.”
इसके साथ ही, अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि कूटनीतिक रास्ते खुले हुए हैं और बताया कि बातचीत जारी है, जबकि वॉशिंगटन अपने अगले क़दमों पर विचार कर रहा है.
