Spain: स्पेन ने ट्रंप को दिया झटका, ईरान पर अमेरिकी हमलों में शामिल विमानों के लिए बंद किया अपना हवाई क्षेत्र

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच स्पेन ने एक फैसले से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को एक बार फिर से आईना दिखा दिया है। स्पेन ने सोमवार को ईरान पर हमलों में शामिल अमेरिकी विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है।

स्पेन का यह फैसला डोनाल्ड ट्रंप के लिए झटका माना जा रहा है, क्योंकि वह पहले से ही संयुक्त रूप से संचालित अमेरिकी सैन्य अड्डों के इस्तेमाल किए जाने से इनकार कर चुका है। हालिया फैसले को इसी के विस्तार के तौर पर देखा जा रहा है।

स्पेन की रक्षा मंत्री ने किया एलान
स्पेन की रक्षा मंत्री मार्गारीटा रोबल्स ने सोमवार को कहा कि हम ईरान के साथ युद्ध से संबंधित किसी भी कार्रवाई के लिए न तो सैन्य अड्डों के इस्तेमाल की अनुमति देते हैं और न ही हवाई क्षेत्र के उपयोग की। यह कदम पहली बार स्पेनिश अखबार एल पेस में प्रकाशित हुआ था, जिसमें सैन्य सूत्रों का हवाला दिया गया था।

रिपोर्ट के अनुसार, इस प्रतिबंध के कारण पश्चिम एशिया में लक्ष्यों की ओर यात्रा करने वाले सैन्य विमानों को नाटो सदस्य स्पेन से होकर गुजरने के बजाय वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ेगा। हालांकि, आपातकालीन स्थितियों में हवाई क्षेत्र बंद करने का यह नियम लागू नहीं होगा।

ईरान संघर्ष पर क्या है स्पेन की सरकार का रुख?
स्पेन के वित्त मंत्री कार्लोस कुएर्पो ने कहा कि यह निर्णय संघर्ष के प्रति स्पेनिश सरकार के व्यापक रुख को दर्शाता है। उन्होंने रेडियो कैडेना सेर को दिए एक साक्षात्कार में कहा, “यह फैसला स्पेन की सरकार द्वारा पहले से लिए गए उस निर्णय का हिस्सा है कि वह ऐसे युद्ध में भाग नहीं लेगी या योगदान नहीं देगी जो एकतरफा और अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ शुरू किया गया था।”

स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ईरान पर अमेरिकी और इस्राइली हमलों के सबसे मुखर आलोचकों में से रहे हैं, जिन्होंने इसे लापरवाह और अवैध बताया है। इसके चलते अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संभावित आर्थिक परिणामों की चेतावनी दी थी।

स्पेन से क्यों नाराज हुए ट्रंप?
वॉशिंगटन और मैड्रिड के बीच तनाव तब बढ़ गया, जब स्पेन के पीएम ने ईरान पर हमलों की आलोचना की। प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज के नेतृत्व वाली स्पेन की वामपंथी सरकार ने दक्षिणी स्पेन में ईरान के खिलाफ अभियान से संबंधित संचालन के लिए संयुक्त रूप से संचालित हवाई और नौसैनिक अड्डों का उपयोग करने से अमेरिकी विमानों को भी रोक दिया था।

इस कदम से ट्रंप नाराज हो गए थे, जिन्होंने पहले स्पेन पर पूर्ण व्यापार प्रतिबंध लगाने की धमकी दी थी। इसके साथ ही देश की राष्ट्रीय सकल घरेलू उत्पाद के 5 प्रतिशत के नाटो के नए रक्षा व्यय लक्ष्य को पूरा करने में विफलता की आलोचना की थी

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles