होर्मुज पार करते ही समंदर में हुआ गजब कारनामा, भारत आ रहे ईरानी जहाज ने बदली दिशा, चीन की तरफ किया रुख

नई दिल्ली। होर्मुज पार करते ही समंदर के बीच एक अजीब खेल हुआ है. भारत में 7 साल बाद ईरान से तेल ला रहे एक जहाज ने बीच समंदर में यूटर्न लिया है.  जी हां, भारत की ओर बढ़ रहा ईरानी तेल वाला जहाज ने अचानक अपनी दिशा बदल ली है. पहले इसकी मंजिल भारत थी, मगर अब यह चीन की ओर मुड़ गया है. अगर यह ईरानी जहाज तेल लेकर भारत पहुंचता तो लगभग सात साल बाद यह पहला ऐसा शिपमेंट होता. मगर अमेरिका द्वारा प्रतिबंधित यह जहाज ईरानी कच्चा तेल ला रहा था. उसने अपनी दिशा बदलकर भारत की बजाय अब चीन की ओर रुख कर लिया है. हालांकि, यह फाइनल डेस्टिनेशन नहीं है.

शिप ट्रैकिंग फर्म केप्लर के मुताबिक, तेल ला रहे ईरानी जहाज का नाम है पिंग शुन. यह अफ्रामैक्स जहाज 2002 में बना था. इसे 2025 में अमेरिका द्वारा प्रतिबंधित किया गया. पहले यह भारत की तरफ बढ़ रहा था. मगर लेटेस्ट अपडेट ये है कि बीच समंदर ही इसने अपनी दिशा बदल ली है और फिलहाल चीन के डोंगयिंग की ओर जा रहा है. इस हफ्ते की शुरुआत में इस ईरानी जहाज ने भारत के पश्चिमी तट पर स्थित वडीनार पहुंचने का संकेत दिया था, लेकिन अब यह दक्षिण की ओर मुड़ गया है. हालांकि, ऐसे गंतव्य संकेत अंतिम नहीं होते और कभी भी बदल सकते हैं.

7 साल बाद भारत की ओर बढ़ा था जहाज

इससे पहले जहाजों की निगरानी करने वाले आंकड़ों के मुताबिक, ‘पिंग शुन’ नामक इस जहाज में लगभग छह लाख बैरल कच्चा तेल है. केप्लर के विश्लेषक सुमित रितोलिया ने कहा था कि यह मई 2019 के बाद भारत को ईरानी तेल की पहली आपूर्ति हो सकती है. उन्होंने बताया कि हाल में ‘समुद्र में मौजूद’ ईरानी तेल की खरीद के लिए अमेरिकी सरकार द्वारा 30 दिन की छूट दिए जाने के बाद ही यह आपूर्ति संभव हुई है.

ईरानी तेल किसका, अब तक पता नहीं

हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि इस जहाज में मौजूद कच्चे तेल का खरीदार कौन है. शुरू में इस जहाज का गंतव्य वाडिनार में स्थित नायरा एनर्जी की रिफाइनरी थी, मगर अब यह समीकरण बदल गया है. वाडिनार बंदरगाह भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) की बीना रिफाइनरी सहित अन्य इकाइयों के लिए भी आपूर्ति का केंद्र है. भारत ने भी अब तक इस ईरानी तेल टैंकर पर कुछ नहीं बोला है.

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles