Aloka the peace dog : अमेरिका में 3700 किलोमीटर की शांति पदयात्रा, भारत से पहुंचे ‘अलोका- द पीस डॉग’ ने बटोरीं सुर्खियां

भारत का एक आवारा कुत्ता आज अमेरिका में शांति और करुणा का प्रतीक बन गया है। अलोका द पीस डॉग नाम का यह रेस्क्यू डॉग बौद्ध भिक्षुओं के साथ अमेरिका के आर-पार पैदल यात्रा कर रहा है। टेक्सास के फोर्ट वर्थ से शुरू होकर वॉशिंगटन डीसी तक पहुंचने वाली यह पदयात्रा विश्व शांति का संदेश दे रही है।
‘वॉक फॉर पीस’ बौद्ध भिक्षुओं की एक लंबी शांति यात्रा है, जो अमेरिका के 10 राज्यों से होकर गुजर रही है। इसे हुओंग दाओ विपश्यना भावना केंद्र ने आयोजित किया है। करीब 3,700 किलोमीटर लंबी यह यात्रा 10 अक्तूबर को शुरू हुई थी और लगभग 120 दिनों में वॉशिंगटन डीसी पहुंचने की योजना है। आयोजकों के मुताबिक, इसका उद्देश्य शांति, प्रेम, मैत्री और करुणा के प्रति जागरूकता फैलाना है।
अलोका कभी भारत की सडक़ों पर भटकने वाला एक साधारण आवारा कुत्ता था। बताया जाता है कि एक दिन वह बौद्ध भिक्षुओं के साथ चल पड़ा और फिर कभी उनसे अलग नहीं हुआ। भारत में वह भिक्षुओं के साथ 100 दिनों से अधिक समय तक पैदल चला। माथे पर दिल के आकार के निशान लिए हुए भूरे और सफेद रंग का अलोका अब अमेरिका में भी इस शांति यात्रा का अभिन्न हिस्सा है।
भिक्षुओं के अनुसार, अलोका करीब चार साल का है और संभवत: भारतीय परिया डॉग नस्ल का है। अमेरिका में उसकी नियमित पशु-चिकित्सकीय जांच होती है और रास्ते में लोग उसे प्यार और उपहार देते हैं।अलोका की कहानी सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही है। उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 1.5 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। एक पोस्ट में लिखा गया है, ‘अलोका शांति के मार्ग का सच्चा साथी है, एक जीवित संदेश कि हर प्राणी शांति की ओर चल सकता है।’

Exit mobile version