Thalpathi : रोज 17 KM का सफर करके ऑफिस पहुंच रहे हैं थलपति विजय, ट्रैफिक न रुके इसके लिए लागू की नई व्यवस्था

चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने अधिकारियों से कहा है कि उनके काफिले से आम लोगों को कम से कम दिक्कत होनी चाहिए। 10 मई को तमिलनाडु सीएम बने जोसेफ विजय चेन्नई के नीलंकराई स्थित आवास से प्रतिदिन सचिवालय आते हैं। वह लगभग 17 किलोमीटर की दूरी तय करते हैं। ऐसी रिपोर्ट्स सामने आई हैं कि इस आवागमन के कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न होती है और आम जनता को असुविधा का सामना करना पड़ता है। अब मुख्यमंत्री ने आवागमन में ट्रैफिक की दिक्कत पर अधिकारियों से कहा है कि जनता को कम से कम दिक्कत होने दें।

मुख्यमंत्री थलपति विजय के आदेश के बाद विशेष वैकल्पिक ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। इसका उद्देश्य काफिले द्वारा तय किए जाने वाले पूरे मार्ग पर ट्रैफिक का सुचारू प्रवाह सुनिश्चित करना है, ताकि जनता को किसी भी प्रकार की बाधा का सामना न करना पड़े। दरसअल, अभिनेता और राजनेता विजय का चेन्नई में आलीशान घर नीलंकराई इलाके में कैसुआरिना ड्राइव पर स्थित है। यह ईस्ट कोस्ट रोड (ECR) के पास एक बेहद पॉश और शांत समुद्रतटीय इलाका है। अभी वह यहीं से आवाजाही कर रहे हैं। ऐसे में उन्हें लंबी दूरी तय करनी पड़ी है। सीएम विजय के पूर्ववर्ती एम के स्टालिन 2021 से 2026 तक बतौर सीएम चेन्नई के अलवरपेट इलाके में अपने निजी आवास पर रहते थे।

ग्रीनवेज रोड पर सरकारी बंगला

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री का आधिकारिक आवास चेन्नई के ग्रीनवेज रोड इलाके में स्थित है। आमतौर पर राज्य के मुख्यमंत्री इस वीवीआईपी इलाके में आवंटित सरकारी बंगलों में रहते हैं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय अभी हाल ही में पद पर आए हैं और वे इस सरकारी बंगले में शिफ्ट होने के बजाय अपने पुराने निजी आवास से ही प्रशासनिक और राजनीतिक कार्य संचालित कर रहे हैं। अभी यह जानकारी सामने नहीं आई है कि सरकारी बंगले में शिफ्ट होंगे या फिर नहीं। चेन्नई और पूरे तमिलनाडु में अभिनेता-राजनेता थलपति विजय की लगभग 10 आवासीय संपत्तियां (घर और बंगले) हैं। इनमें से सबसे प्रमुख और चर्चित उनका नीलंकराई इलाके में स्थित समुद्र के किनारे बना आलीशान बीच-मेंशन है। इसकी जिसकी कीमत करीब 80 करोड़ रुपये है।

Exit mobile version