MP : जबलपुर में 10 लाख की घूस मांगी…4 लाख लेते 2 अधिकारी गिरफ्तार, व्यवसायी से ट्रांजैक्शन सेटलमेंट के बदले मांगे थे रुपए

जबलपुर। सीबीआई टीम ने बुधवार शाम करीब 6 बजे ग्वारीघाट स्थित सेंट्रल जीएसटी (CGST) कार्यालय में छापा मारा। वहां पदस्थ सुपरिंटेंडेंट मुकेश बर्मन और इंस्पेक्टर सचिन कांत खरे को 4 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। जैसे ही सीबीआई टीम ऑफिस पहुंची, पूरे परिसर में अफरा तफरी मच गई।

होटल व्यवसायी विवेक त्रिपाठी के शहर में कई होटल हैं। इन होटलों में होने वाले लेन-देन समेत अन्य कामों की जांच दोनों अफसरों ने की। त्रिपाठी के मुताबिक, उनके सभी दस्तावेज और ट्रांजैक्शन सही थे। इसके बावजूद उन पर एक करोड़ रुपए का टैक्स निकाल दिया। त्रिपाठी ने टैक्स को लेकर आपत्ति की। इसके बाद भी अफसरों ने मामले को निपटाने के एवज में 10 लाख रुपए रिश्वत की मांग की।
बाद में सौदा 5 लाख और फिर चार लाख रुपए में तय हुआ। पूरे मामले की शिकायत त्रिपाठी ने सीबीआई एसपी एसके राठी से की।

screenshot 20251218 0010432881479904412232835

सीए लेकर पहुंचा रिश्वत की रकम
इधर दोनों अफसरों ने त्रिपाठी के सीए हर्षित कुमार से संपर्क किया और सीधे त्रिपाठी से रिश्वत की रकम लेने से परहेज जताया। उन्होंने हर्षित को रिश्वत की रकम लेकर गुरुवार को ग्वारीघाट रोड स्थित मॉल बुलाया। पहले से ही सीबीआई की टीम वहां पहुंच गई थी। रिश्वत की रकम लेने इंस्पेक्टर खरे वहां पहुंचा। जैसे ही हर्षित ने रकम दी। वहां मौजूद टीम ने उसे पकड़ लिया।
इसके बाद टीम ने सचिन से मुकेश को फोन लगवाया। सचिन ने मुकेश को फोन किया। बताया कि चार लाख रुपए आ गए हैं। यह सुनते ही मुकेश ने रकम ऑफिस लाने को कहा, तब टीम सचिन को लेकर ग्वारीघाट रोड आस्था नगर के सामने ऑफिस पहुंची और उसे भी दबोच लिया। दोनों आरोपियों को कल कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles