IT डिपार्टमेंट ने गौतम अदाणी की कंपनी ACC सीमेंट पर ठोका करोड़ों का जुर्माना

नई दिल्ली। आयकर विभाग ने एसीसी लिमिटेड पर कुल 23.07 करोड़ रुपये के दो अलग-अलग जुर्माने लगाए हैं। अदाणी समूह की यह कंपनी अपीलीय प्राधिकारियों के समक्ष इस जुर्माने को चुनौती देगी। आयकर विभाग ने आकलन वर्ष 2015-16 के लिए कथित तौर पर ‘‘आय का गलत विवरण प्रस्तुत करने’’ के लिए 14.22 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है।
वहीं आकलन वर्ष 2018-19 के लिए ‘‘आय कम बताने’’ के मामले में 8.85 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है।एसीसी ने गुरुवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया, ‘‘ कंपनी, निर्धारित समय-सीमा के भीतर आयकर आयुक्त (अपील) के समक्ष अपील दायर करके दोनों आदेशों का विरोध करेगी।
साथ ही संबंधित आदेशों के तहत लगाए गए जुर्माने पर रोक लगाने की मांग करेगी।’’ कंपनी को इन जुर्मानों के संबंध में नोटिस एक अक्टूबर 2025 को मिले। उसने कहा कि इन दंडों का वित्तीय गतिविधि पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
एसीसी, अदाणी सीमेंट का हिस्सा अंबुजा सीमेंट की अनुषंगी कंपनी है। अंबुजा सीमेंट के पास कंपनी में 50 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी है।
आयकर विभाग ने जो नोटिस भेजे हैं वह इसके उद्योगपति गौतम अदाणी के नेतृत्व वाले समूह का हिस्सा बनने से पहले की अवधि से जुड़े हैं। अदाणी समूह ने 6.4 अरब अमेरिकी डॉलर के सौदे में स्विट्जरलैंड के होल्सिम समूह से अंबुजा सीमेंट्स और उसकी अनुषंगी कंपनी एसीसी लिमिटेड का सितंबर 2022 में अधिग्रहण किया था।

ACC शेयर प्राइस आज
ACC शेयर आज ₹1847.1 पर बंद हुए। यह पिछले बंद भाव ₹1828.0 की तुलना में 1.04% की बढ़ोतरी है। एसीसी, अंबुजा सीमेंट की सहायक कंपनी है और अदाणी समूह का हिस्सा है।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles