Gadkari – Priyanka : जून से मिलने का वक्त मांग रही हूं, …’, प्रियंका ने गडकरी से मांगा ‘अपॉइंटमेंट’, तो गडकरी बोले अपॉइंटमेंट की जरूरत नहीं है…

नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से ‘अपॉइंटमेंट’ (मुलाकात के लिए समय) देने को कहा। कुछ देर बाद ही प्रियंका की संसद भवन में स्थित दफ्तर में गडकरी से मुलाकात हो गयी।

मुलाकात के दौरान प्रियंका गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड से जुड़े मुद्दे उनके सामने रखे। इससे पहले, कांग्रेस महासचिव ने सदन में प्रश्नकाल के दौरान चंडीगढ़-शिमला राजमार्ग से संबंधित सवाल पूछा था।
प्रियंका ने अपने भाषण में इस बात का उल्लेख किया कि वह गत जून महीने से अपने क्षेत्र के मुद्दों को लेकर गडकरी से मिलने का समय मांग रही हैं। उन्होंने कहा, ‘‘जून से मिलने का समय मांग रही हूं, कृपया समय दीजिए।’’ गडकरी ने कहा कि वह कभी भी उनसे मिल सकती हैं, क्योंकि उनका दरवाजा हमेशा खुला रहता है।
गडकरी ने कहा, ‘‘आप प्रश्नकाल के बाद आ जाइए। आप कभी भी आ जाइए, दरवाजा हमेशा खुला रहता है। अपॉइंटमेंट की जरूरत नहीं है।’’ इसके बाद प्रियंका गांधी ने गडकरी से उनके संसद भवन स्थित कार्यालय में मुलाकात की।

केरल की छह सड़क परियोजना पर चर्चा
इस मुलाकात के दौरान प्रियंका गांधी ने केरल से गुज़रने वाले छह सड़क प्रोजेक्ट्स पर चर्चा की। इस पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कुछ प्रोजेक्ट केरल सरकार के तहत हैं, इसलिए केंद्र सरकार उन्हें नहीं संभाल सकती लेकिन उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह बाकी प्रोजेक्ट्स को देखेंगे। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ।

राहुल का जिक्र कर गडकरी ने ली चुटकी
इसी दौरान मंत्रीजी ने प्रियंका गांधी से भाई राहुल की चुटकी ले ली और मजाक में कहा, “भाई का काम कर दिया, बहन का नहीं करूंगा तो आप बोलेंगे कि नहीं किया।” यह सुनकर प्रियंका गांधी और कमरे में मौजूद दूसरे लोग हंसने लगे। दरअसल, प्रियंका गांधी से कुछ दिन पहले लोकसभा में विपक्ष के नेता और प्रियंका गांधी के छोटे भाई राहुल गांधी ने भी अपने निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली की कुछ सड़कों के बारे में नितिन गडकरी से मिलकर चर्चा की थी।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles