MP : विधायक से पंगा लेने वाले भिंड कलेक्टर का 33 दिन में ट्रांसफर, समर्थकों ने जमकर फोड़े पटाखे

भिंड। कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव का तबादला हो गया है। विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह से विवाद के 33 दिन बाद यह फैसला आया। अब उन्हें लोक निर्माण विभाग का अपर सचिव बनाया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने यह आदेश जारी किया। उनके तबादले के बाद विधायक समर्थकों ने देर रात आतिशबाजी कर जश्न मनाया।
यह विवाद 27 अगस्त को शुरू हुआ था। विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह किसानों के साथ कलेक्टर बंगले पर पहुंचे थे। वे खाद्य संकट को लेकर बात करने आए थे। वहां कलेक्टर और विधायक के बीच जमकर हंगामा हुआ। विवाद के दौरान भिंड विधायक ने कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव को ‘चोर’ कहा। उन्होंने कलेक्टर को मारने के लिए मुक्का भी तान दिया था। वहीं, कलेक्टर ने भी अचानक कहा था, ‘जिले में अवैध रेत नहीं चलने दूंगा।’ इसके बाद दोनों के बीच विवाद और गहरा गया। यह मामला मीडिया की सुर्खियां बना। बीजेपी आलाकमान ने विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह को भोपाल बुलाया था।
दोनों के बीच बनी रही तल्खी
हालांकि, विधायक को भोपाल बुलाने के बाद भी कलेक्टर और विधायक के बीच तल्खी बनी रही। वे अक्सर सरकारी कार्यक्रमों में साथ दिखते थे, लेकिन उनके बीच की कड़वाहट साफ नजर आती थी। मंगलवार रात को सामान्य प्रशासन मंत्रालय ने IAS अफसरों के तबादलों की लिस्ट जारी की। इस लिस्ट में भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव का नाम भी था। उन्हें भिंड से हटाकर प्रदेश में एक बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। अब वे लोक निर्माण विभाग के अपर सचिव होंगे।
तलवार लहराई

बता दें कि भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव अपने कार्यकाल के दौरान कई बार चर्चा में रहे। उन्होंने जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन पर लगाम कसने के लिए कथित तौर पर खुद कार्रवाईयां की थीं, लेकिन खनिज विभाग के अधिकार छीन लिए, राजस्व अधिकारियों को नाकों पर तैनात कर दिया था. एक बार क्षत्रिय समाज ने उन्हें तलवार भेंट की थी। तब कलेक्टर वह तलवार खोलकर लहराते नजर आए थे। इसे बाद में कलेक्टर का शक्ति प्रदर्शन भी बताया गया था।
विधायक के घर पर आतिशबाजी
इधर, कलेक्टर के तबादले की खबर सुनते ही विधायक समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। बीजेपी विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह के समर्थकों ने देर रात 12 बजे तक आतिशबाजी की और जश्न मनाया।