MP: किसान कांग्रेस की प्रदेश और जिला कमेटियां भंग:5 साल से काम कर रही टीम, नई कार्यकारिणी जल्द बनेगी
भोपाल। मप्र किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और मुरैना विधायक दिनेश गुर्जर ने किसान कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी और जिला कमेटियों को भंग कर दिया है। अब जल्द ही नई नियुक्तियां की जाएंगी।
कांग्रेस सूत्रों की मानें तो किसान कांग्रेस की निवर्तमान प्रदेश कार्यकारिणी और जिला कमेटियां बीते 5 सालों से काम कर रहीं थी। किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुर्जर ने करीब 5 साल पहले यह नियुक्तियां की थीं। अब इनकी जगह नई नियुक्तियां की जाएंगी। किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुर्जर ने बताया कि किसान कांग्रेस की नई कार्यकारिणी का जल्द गठन किया जाएगा। सक्रियता से किसानों की लड़ाई लड़ने वाले नेता, कार्यक्रर्ताओं को कार्यकारिणी में जगह दी जाएगी। ताकि किसानों को न्याय दिलाया जा सके।
एमपी कांग्रेस के चार फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशंस के अध्यक्ष पदों पर पिछडे़ वर्ग के नेता काबिज हैं। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी स्वयं ओबीसी वर्ग से आते हैं। यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मितेन्द्र सिंह यादव, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल, एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे भी ओबीसी से आते हैं। किसान कांग्रेस, सेवादल और अल्पसंख्यक कांग्रेस में भी ओबीसी वर्ग के नेता ही मुखिया हैं। ऐसे में अब कांग्रेस तमाम संगठनों की सर्जरी करने जा रही है।





