Bhopal में लालबहादुर शास्त्री की मूर्ति पर जूते रखे:कांग्रेस नेताओं ने दूध से नहलाया; बोले- प्रशासन- सरकार सो रही, धिक्कार है

भोपाल। राजधानी में कुशाभाऊ ठाकरे सभागार (मिंटो हॉल) के पास पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की मूर्ति पर किसी ने जूते रख दिए। जूते मूर्ति के दोनों कंधों पर रखे गए थे।

शनिवार शाम इसकी जानकारी लगते ही कांग्रेस नेता जमा हो गए। उन्होंने विरोध में नारेबाजी की। कहा कि जिसने पाकिस्तान को धूल चटाई, जिसने जय जवान-जय किसान का नारा दिया, आज उनकी मूर्ति पर जूतों की माला पहनाई गई। प्रशासन और सरकार सो रही है। धिक्कार है।
कांग्रेस ने दोषियों पर सख्त एक्शन की मांग की। पूर्व पीएम की मूर्ति को दूध से नहलाया। पुलिस ने देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

उधर, घटना पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने X पर लिखा…
भोपाल में कुशाभाऊ ठाकरे सभागार (मिंटो हॉल) के पास पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की मूर्ति पर जूतों की माला पहनाना घोर निंदनीय और अपमानजनक है। मेरी सरकार से मांग है कि दोषियों पर कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए।

कांग्रेस के प्रदेश सचिव अब्दुल नफीस, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अंकित दुबे जानकारी मिलने पर गौरव अवस्थी, ब्लॉक अध्यक्ष यशवंत यादव और पार्षदों के साथ मौके पर पहुंचे। सबसे पहले पूर्व पीएम की मूर्ति पर रखे जूतों को हटाया। इसके बाद पानी और दूधर से इसकी सफाई की। नारेबाजी कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हम यहां से निकल रहे थे, तभी नजर पड़ी। इससे दिल आहत है। शास्त्री जी किसी एक के नहीं, पूरे देश के हैं। शास्त्री जी का सम्मान करना, उनके सम्मान की मर्यादा बनाए रखना, इस देश के हर नागरिक का कर्तव्य है। कमिश्नर कार्यालय के सामने उनकी मूर्ति पर कैसे कोई जूते चढ़ा गया, शर्म की बात है। हम मांग करते हैं कि सीसीटीवी फुटेज की रिकॉर्डिंग निकलवाकर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।

पूर्व पीएम की मूर्ति पर जूते रखने का आरोपी गिरफ्तार
पूर्व पीएम की मूर्ति पर जूते रखने के मामले में अरेरा हिल्स थाना पुलिस ने आरोपी करन बैरागी (35) को गिरफ्तार कर लिया है। वह बिड़ला मंदिर के सामने सुलभ कॉम्प्लेक्स के पास का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष (जहांगीराबाद) यशवंत यादव ने शिकायत की थी। बताया था कि शाम 4 बजे किसी शरारती तत्व ने पूर्व पीएम की मूर्ति पर जूते रख दिए।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles