Shivraj singh chauhan : कन्नौद में केंद्रीय मंत्री शिवराज के जूते बदले, दूसरे जूते पहनकर कार्यक्रम में शामिल हुए, बाद में पहन ली चप्पल…

खातेगांव। देवास जिले में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ शुक्रवार को एक अजीब घटना हुई। वे खातेगांव विधानसभा क्षेत्र के कन्नौद में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में वे ग्राम हतनोरी में भाजपा कार्यकर्ता अजीत भाटिया के घर रुके।
भाटिया के घर में शिवराज ने ग्रामीणों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से चर्चा की। करीब 25 मिनट के प्रवास के बाद जब वे घर से बाहर निकले, तो उनके जूते नहीं मिले। विधायक आशीष शर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष राय सिंह सेंधव समेत कई नेता उनके साथ थे।
दूसरे जूते पहनकर कार्यक्रम में शामिल हुए शिवराज
सुरक्षाकर्मियों और भाजपा नेताओं ने जूते खोजे। बाद में एक जोड़ी जूते मिले जो शिवराज के जूतों से मिलते-जुलते थे। उन्होंने वही जूते पहनकर कन्नौद में कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र बांटे और कई विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
दूसरे जूते से असहज होने पर पहनी चप्पल
लेकिन दूसरे जूतों में असहज महसूस करने के कारण कार्यक्रम के बाद उन्होंने चप्पल पहन ली और आगे के लिए रवाना हो गए। कार्यक्रम में उन्होंने आजीविका मिशन की महिलाओं और लाड़ली बहनों से भी संवाद किया।
विधायक बोले- जूते बदला गए हैं
विधायक आशीष शर्मा का कहना है कि जूते चोरी नहीं हुए बल्कि बदला गए। कोई गलती से उनके जूते पहन गया और उनके जूते जैसे दिखने वाला कोई अन्य जूता छोड़ गया। विधायक ने ही बताया कि कन्नौद कार्यक्रम के बाद वे चप्पल पहनकर गए।



