छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा में एक आदिवासी युवक ने परिवार के 8 लोगों की हत्या कर फांसी लगा ली। आरोपी ने सबसे पहले अपनी पत्नी को कुल्हाड़ी से काटा, फिर मां-बहन, भाई-भाभी और दो भतीजियों-भतीजे को मार डाला। ताऊ के घर जाकर 10 साल के बच्चे पर भी हमला किया, लेकिन वह जान बचाकर भाग गया। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
घटना तामिया तहसील में थाना माहुलझिर के बोदल कछार गांव की है। मंगलवार-बुधवार की रात 2.30 बजे आरोपी दिनेश उर्फ भूरा ने पत्नी (23), मां (55), भाई (35), भाभी (30), बहन (16), भतीजा (5), दो भतीजी (4 और डेढ़ साल) को मार डाला। घटना के बाद से गांव के लोगों में डर बना हुआ है। गांव में पुलिस बल तैनात है। युवक ने परिवार की हत्या क्यों की, फिर खुदकुशी क्यों की, यह अभी सामने नहीं आ पाया है। एसपी का कहना है कि घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। कांग्रेस का आरोप है कि परिवार बेरोजगारी और गरीबी से तनाव में था।
घर में हत्याएं … फिर पहुंचा ताऊ के घर
एसपी ने बताया कि बोदल कछार आदिवासी बहुल्य गांव है। आरोपी दिनेश का घर गांव में एक तरफ है। बसाहट कम है। परिवार के सभी लोगों को मारने के बाद वह ताऊ के घर पहुंचा। ताऊ का घर उसके घर से 50 मीटर दूर है। यहां उसने 10 साल के बच्चे पर हमला किया, कुल्हाड़ी बच्चे के जबड़े पर लगी। इतने में उसकी दादी ने आकर शोर मचाया, तो आरोपी भाग निकला। आसपास के लोग भी जुट गए और पुलिस को खबर की। एसपी के मुताबिक, पुलिस ने जंगल में सर्च की। गांव से 150 मीटर दूर नाले के किनारे आरोपी का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। बच्चे को तामिया से इलाज के लिए छिंदवाड़ा ले जाया गया है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की है।
मुख्यमंत्री ने मौके पर मंत्री संपतिया उइके को भेजा
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि यह घटना दु:खद है, ऐसी घटना सभी को झकझोर देती है. दु:ख की इस घड़ी में मैं प्रभावित परिवार के साथ हूं। इस घटना की जांच कराएंगे। मंत्री संपतिया उइके को छिंदवाड़ा जाने के लिए कहा है। संपतिया उइके वहां जाकर बचे हुए परिवार के लोगों से मिलेंगी। प्रारंभिक जांच में नवयुवक मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया गया। मुझे इस बात का बहुत दुख है, शोक की इस घड़ी में सरकार मदद करेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, घटना की जांच कराएंगे। मंत्री संपतिया उइके को मौके पर जाने के निर्देश दिए हैं। समझ नहीं पा रहा हूं कि जब युवक मानसिक विक्षिप्त था, तो उसका विवाह क्यों किया। समाज से भी आह्वान है कि नए परिवार को बनाने के चक्कर में पुराना परिवार खत्म नहीं करें, जिस बेटी को लेकर आए होंगे, उस पर भी क्या बीती होगी। शोक की इस घड़ी में सरकार जो कर सकती है, वो जरूर करेगी।
MP: 8 लोगों की हत्या कर युवक ने फांसी लगाई
मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश
