MP: मैने तुम्हारा क्या नुकसान किया…’, एक शहर में कत्ल ए आम पर पेड़ लगा रहे मदद की गुहार…!

भोपाल। आपने मुझसे बहुत कुछ लिया, बदले में मुझको क्या दिया, मुझे कटने से रोको, मैंने तुम्हारा क्या नुकसान किया? मैं वोट नहीं दे सकता पर सांसें तो दे सकता हूं, सांसे हो रही कम, आओ पेड़ लगाए हम…..ये पक्तियां नहीं, ये दर्द मंडला जिले के महाराजपुर रोड पर लगे इन पेड़ों का है. पेड़ तो दुनिया वालों से नहीं कह सकते, पर इन पेड़ो पर लगा ये पोस्टर इनके दर्द को बयां कर रहा हैं और कह रहा है कि मैंने तुम्हे सब कुछ दिया है और बदले में तुम मुझे काट रहे हो।

दरअसल, महाराजपुर सड़क सौंदर्यीकरण के साथ चौड़ीकरण कार्य पहले नगर पालिका परिषद के द्वारा सीएम अधोसरंचना से स्वीकृत किया था. अब करीब एक साल के बाद उसी सड़क का चौड़ीकरण और लाइट शिफ्टिंग कार्य कायाकल्प प्रोजेक्ट के तहत शुरू कर दिया गया. इसके लिए नगर पालिका के द्वारा सड़क के दोनों ओर लगे पुराने हरे भरे फलदार वृक्ष को काटा जा रहा है।

अब तक एक दर्जन पेड़ों का कत्लेआम किया जा चुका है. इसको लेकर मंडला जिले के पर्यावरण प्रेमियों में रोष देखा जा रहा है. विरोध सड़क चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण का नहीं है, लेकिन पेड़ों को इस तरह विकास के नाम पर काट देना आमजनों को पीड़ा दे रहा है. पेड़ों के महत्व को जानते हुए अब शहर के युवाओं ने बाकी बचे हुए पेड़ों पर अपने खुद के खर्चे से अलग-अलग स्लोगन लिख कर पेड़ की ओर से पोस्टर बनाकर लगा दिया है।

पोस्टरों पर ऐसे- ऐसे स्लोगन लिख दिया गया है कि जो आम आदमी इसे पढ़ता है वह भी इस मुहीम में जुड़ रहा है. शहर के युवाओ का कहना है कि विकास सभी को चाहिए, पर ऐसा विकास नहीं चाहिए की पेड़ों का कत्ल हो। पेड़ों पर लगे इस तरह के पोस्टर लोगों को अपनी ओर खींच रहे है. लोगों ने युवाओं की इस मुहीम की जमकर तारीफ की है. बाकी युवा भी इस मुहीम से धीरे-धीरे जुड़ रहे हैं और पर्यायवरण के इस महत्व को समझ रहे है. वहीं इस मामले को लेकर जब नगर पालिका मुख्य अधिकारी गजनान नाफड़े से बात की गई तो उन्होंने बताया कि रोड चौड़ीकरण होगी तो कुछ पेड़ों को काटा जाएगा, लेकिन दूसरे तरफ के पेड़ों को नहीं काटा जाएगा।

Exit mobile version