भोपाल। लोधी लोधा लोध क्षत्रिय महासभा के प्रांतीय अधिवेशन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश सरकार के श्रम एवं पंचायत ग्रामीण कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि लोधी समाज को सफलताओं के साथ ही कमजोरियों पर भी मनन करने की जरूरत है। समाज को इतिहास के बारे में ईमानदारी से जानकारी प्राप्त करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन की ताकत संख्या में नहीं विश्वास में होती है विश्वास से सामर्थ्य आती है और संगठन आगे बढ़ता है। संगठन के पदाधिकारी पहले स्वयं अपने आप का मूल्यांकन करें और सेवा समर्पण की भावना के साथ कार्य करें।
समाज का सम्मेलन भोपाल के मानस भवन में आयोजित किया गया। श्री पटेल ने कहा कि साल भर में लोधी समाज के पांच महापुरुषों के नाम पर कार्यक्रम होना जरूरी है। उनके स्थान एवं दिनांक तय रहना चाहिए। लोधी समाज को अनुशासन का पालन करते हुए मृत्युभोज, नशाखोरी जैसी बुराइयों से दूर रहने की जरूरत है।
लोधी समाज के प्रांतीय अधिवेशन की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर राष्ट्रीय गान के साथ हुई। अधिवेशन के बाद प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें महासभा का आगे का एजेंडा तय किया गया।
अधिवेशन में स्वागत भाषण देते हुए लोधी समाज के प्रदेश अध्यक्ष एवं आयोजन पूर्व मंत्री जालम सिंह पटेल ने कहा कि समाज की जातिगत जनगणना होना बहुत जरूरी है। सभी पदाधिकारियों को उन्होंने हिदायत दी कि समय सीमा के अंदर अधिवेशन में तय किए गए एजेंडे पर काम होना बहुत जरूरी है। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव का वीरांगना रानी अवंती बाई के नाम पर सागर विश्वविद्यालय का नाम रखने, मध्य प्रदेश की पाठ्य पुस्तक में पाठ शामिल करने एवं रानी अवंती लोक उनकी जन्मस्थली मनखेड़ी में 100 करोड़ से बनाने की घोषणा पर लोधी समाज की तरफ से उनका आभार माना।
अधिवेशन को संस्कृति राज्य मंत्री धर्मेंद्र लोधी, विधायक वीरेंद्र लोधी लंबरदार, पूर्व विधायक प्रद्युम्न लोधी, समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं एटा के विधायक विपिन डेविड वर्मा, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष कोक सिंह नरवरिया, पूर्व मंत्री भैया साहब लोधी, लोधी समाज की महिला प्रदेश अध्यक्ष तृप्ति सिंह, प्रीतम लोधी, विजय पड़रिया, राहुल सिंह डॉक्टर दिलीप लोधी, हरि सिंह वर्मा, सत्येंद्र सिंह लोधी सहित समाज के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संबोधित किया। अधिवेशन महासभा के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।
MP: समाज को सफलताओं के साथ ही कमजोरियों पर भी मनन करना चाहिए: प्रहलाद सिंह पटेल
भोपाल के मानस भवन में संपन्न हुआ लोधी महासभा का प्रदेश अधिवेशन
