MP :शिवपुरी कलेक्टर कार्यालय में आधी रात को दो युवकों ने खिड़की से पेट्रोल डाल कर आग लगाई…?

शिवपुरी। शिवपुरी कलेक्टर कार्यालय में शुक्रवार रात आग लग गई। इसका पता अधिकारियों को शनिवार सुबह 5 बजे लगा, तब तक कई विभागों की फाइलें जलकर खाक हो गईं। शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने का अंदेशा जताया जा रहा था, लेकिन CCTV फुटेज में देर रात दो संदिग्ध नकाबपोश युवक कलेक्ट्रेट परिसर में जाते दिखाई दिए। वे खिड़की से पेट्रोल डालते और आग भभकने पर भागते नजर आ रहे हैं।

वीडियो रात 12.18 बजे का है। एक युवक की पीठ पर बैग टंगा हुआ दिखाई दे रहा है। बदमाश शिकायत शाखा के पिछले हिस्से की खिड़की पर पहुंचते हैं, जहां बोतल में भरकर लाए पेट्रोल (सम्भवतः) को खिड़की से अंदर डालते हैं फिर माचिस से आग लगाते हैं। जैसे ही तेज धमाका हुआ, दोनों बदमाश भाग गए।

कलेक्टर-एसपी ने देखे CCTV फुटेज

मामले में कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी का कहना है कि दो युवक CCTV में कैद हुए हैं, जिन्होंने आग लगाई है। एसपी अमन सिंह राठौड़ ने भी वीडियो देखा है। पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी है।

कलेक्टर ने यह भी बताया कि आग नाजिर के स्टोर रूम और नजूल के कुछ हिस्सों में लगी है। भू-अर्जन के हमारे रिकॉर्ड सुरक्षित हैं। कुछ रिकॉर्ड हमारा ऑनलाइन है, जिसे ले सकते हैं। हम एडीएम की अध्यक्षता में एक टीम बनाएंगे जो पूरे मामले की जांच करेगी। किस-किस रिकॉर्ड का नुकसान हुआ है, यह तो पूरी पड़ताल के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

धुआं उठा तब चौकीदार व सुरक्षाकर्मियों ने सूचना दी

जानकारी के मुताबिक रात के समय भी कलेक्ट्रेट में चौकीदार तैनात रहते हैं, फिर भी समय रहते आग लगने की सूचना समय पर नहीं मिल पाई। सुबह 5 बजे कलेक्ट्रेट परिसर के कई कमरों में धुआं उठा तब किसी ने इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे संबंधित अधिकारियों ने नगर पालिका की फायर बिग्रेड, पानी के टैंकर को बुलाकर आग पर काबू पाया गया। इसमें आठ घंटे लग गए।

Exit mobile version