MP : 31 जिलों के 66 अनफिट नर्सिंग कॉलेजों को बंद करने के आदेश

भोपाल। प्रदेश के नर्सिंग कॉलेज घोटाले मामले में सीएम मोहन यादव ने बड़ा एक्शन लिया है। नर्सिंग कॉलेजों की जांच में गड़बड़ी सामने के बाद सीएम ने अनफिट कॉलेजों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। आदेश के मुताबिक, एमपी के 31 जिलों के 66 अनफिट नर्सिंग कॉलेजों को बंद किया जाएगा। मेडिकल एजुकेशन के कमिश्नर ने सभी जिलों के कलेक्टर्स को अनफिट नर्सिंग कॉलेजों की सूची दे दी है।

पुराने विद्यार्थी नहीं होंगे प्रभावित
सीएम मोहन यादव ने हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए कार्रवाई में राहत दी है। आदेश से नर्सिंग कॉलेजों के पुराने विद्यार्थी प्रभावित नहीं होंगे। विद्यार्थी परीक्षा दे सकेंगे। बता दें कि अनफिट कॉलेजों को लेकर इंदौर समेत कई जिलों में पहले कार्रवाई हो चुकी है।

अब तक 23 पर FIR
जानकारी के मुताबिक, हाईकोर्ट को सौंपी गई सीबीआई की रिपोर्ट में 66 कॉलेज अनफिट (Unsuitable) पाए गए हैं। अनफिट कॉलेज सिर्फ कागजों पर संचालित हो रहे थे। नर्सिंग काउंसिल ने सभी 66 नर्सिंग कॉलेज की मान्यता निरस्त कर दी है। बता दें कि एमपी नर्सिंग घोटाला मामले में अब तक 23 लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों में सीबीआई के अधिकारी भी हैं। जिसमें से एक को बर्खास्त दिया है।

Exit mobile version