Cyber Fraud : मुंबई पुलिस ने भाजपा विधायक अंबरीश शर्मा के साले को किया था साइबर फ्राड में गिरफ्तार, विधायक भी राडार पर…?

भोपाल। साइबर फ्रॉड के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने भोपाल से जिसे गिरफ्तार किया, वह भाजपा विधायक का साला बताया जा रहा है। लेकिन प्रदेश की पुलिस इस मामले को छिपाने के प्रयास लगातार कर है। बताया जा रहा है कि विधायक भी इस मामले में मुम्बई पुलिस के राडार पर आ गए हैँ।
विगत दिनों मुंबई क्राइम ब्रांच ने टीटीनगर इलाके से सुधांशु को गिरफ्तार किया था। सुधांशु भिंड के लहार विधायक अंबरीश शर्मा का साला बताया जा रहा है। इस संबंध में विधायक अंबरीश शर्मा का कहना है कि उनके साले का नाम सुधांशु है, लेकिन उसकी गिरफ्तारी के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
इस मामले में भोपाल पुलिस भी कुछ कहने से बचती नजर आ रही है। अधिकारी सिर्फ इतना बता रहे हैं मुंबई क्राइम ब्रांच ने किसी को गिरफ्तार किया है। वो कौन है और उसे किसलिए पकड़ा गया, मुंबई से आए क्राइम ब्रांच अधिकारियों ने इस बारे में कुछ भी साझा नहीं किया।
सूत्रों का कहना है करोड़ों रुपए के फ्रॉड के मामले में सुधांशु की गिरफ्तारी हुई है। मामला इतना हाईप्रोफाइल है, जिसकी जानकारी मुंबई क्राइम ब्रांच ने भोपाल पुलिस को देना जरूरी नहीं समझा। भोपाल पुलिस का दावा है उससे एफआईआर की जानकारी साझा नहीं की गई।





