भोपाल। नौतपा के पहले दिन मध्यप्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लू का प्रकोप रह। मालवा-निमाड़ क्षेत्र में भीषण गर्मी रही। शाजापुर के मक्सी में गर्मी के चलते एक बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ गई। जिससे उसकी मौत हो गई।रतलाम, शाजापुर, खंडवा और खरगोन में पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया। खंडवा और खरगोन में टेम्प्रेचर सबसे ज्यादा 45.5 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा प्रदेश के चार बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर में 43.9 डिग्री, इंदौर में 43.3 डिग्री, भोपाल में 42.9 डिग्री और जबलपुर में 41.1 डिग्री तापमान रहा। वहीं उज्जैन में तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया।प्रदेश के कुल 26 जिलों में तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा। रायसेन, सागर, खजुराहो, गुना, दमोह, नरसिंहपुर, धार, टीकमगढ़ और शिवपुरी में भी तेज गर्मी रही। कुछ जगहों पर आंधी का दौर भी चला।
मौसम केंद्र के अनुसार 31 मई तक प्रदेश में भीषण गर्मी का अलर्ट है। ग्वालियर, चंबल, इंदौर-उज्जैन संभाग में तेज गर्मी पड़ेगी। अन्य जिलों में भी हीट वेव, यानी गर्म हवाओं का असर रहने का अनुमान है।धार में शनिवार शाम को मौसम में बदलाव देखा गया। करीब 15 मिनट तक शहर के कई हिस्सों में बूंदाबांदी हुई हैं। यहां दिन का अधिकतम तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया। लोगों को गर्म हवाएं से थोड़ी राहत भी मिली है।
खरगोन में सीजन का सबसे गर्म दिन, पारा 45.5
डिग्री
खरगोन में शनिवार को नौतपा के पहले दिन तापमान 45.5 डिग्री दर्ज किया गया। यह सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। शाम 5.30 बजे मौसम बदला। आदिवासी झिरन्या व भगवानपुरा क्षेत्र में बिजली कड़की और हल्की बारिश भी हुई।
बुरहानपुर में तेज आंधी-बारिश से केले की फसल
को नुकसान
बुरहानपुर में शनिवार शाम 5 बजे मौसम बदल गया। तेज आंधी के चलने से केले के पेड़ टूटकर गिर गए। कई जगह टीन शेड उड़ गए। अंबाडा में तेज बारिश हुई। अंबाड़ा क्षेत्र में कई किसानों की केले की फसलों को नुकसान पहुंचा है।
टीकमगढ़ में पारा 44 डिग्री, ट्रांसफार्मर की डीपी में लगी आग
टीकमगढ़ में नौतपा के पहले दिन पारा 44 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। गर्मी के कारण शाम 4 बजे स्टेट बैंक के पास ट्रांसफार्मर के नीचे लगी डीपी से धुआं निकलने लगा। कुछ देर बाद चिंगारियां निकलने लगी। दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई।
शाजापुर में गर्मी से बुजुर्ग की बिगड़ी तबीयत, मौत
शाजापुर के मक्सी में गर्मी से 70 साल के बुजुर्ग की मौत हो गई। मक्सी पुलिस ने बताया कि मानसिंह तीन पहले अपने ससुराल पीर उमरोद आए थे। यहां शीतला मंदिर से लापता हो गए थे। शनिवार सुबह 9:30 पर ग्राम सूरजपुर के ग्रामीणों ने उनका शव सोलर प्लांट ब्लॉक नंबर दो पर पड़ा देखा। एएसआई रघुवंशी के अनुसार प्रथम दृष्टया बुजुर्ग की मौत भीषण गर्मी से होना प्रतीत हो रही हैं।
