MP: भोपाल नगर निगम के रिटायर्ड SE के घर-ऑफिस में छापा, लोकायुक्त को नकदी, सोने-चांदी और संपत्ति के दस्तावेज मिले, विदेशी निवेश किया

भोपाल। राजधानी में नगर निगम के रिटायर्ड अधीक्षण यंत्री प्रदीप जैन के घर और दफ्तर में शुक्रवार को लोकायुक्त टीम ने छापा मारा है। उनके घर से लाखों रुपए की नकदी, सोने चांदी के जेवरात और संपत्ति संबंधी दस्तावेज मिले हैं। टीम को विदेश में इन्वेस्टमेंट के प्रमाण भी मिले हैं। जिस मकान में कार्रवाई की जा रही है, वह उनके बेटे यश जैन के नाम है।

लोकायुक्त को पीके जैन के खिलाफ वित्तीय गड़बड़ियों की शिकायत मिली थी। कार्रवाई एयरपोर्ट रोड स्थित पाॅश लार्ड्स कॉलोनी में स्थित पीके जैन के घर और गोविंदपुरा स्थित स्मार्ट सिटी ऑफिस में बने दफ्तर जारी है। दोनों ही जगह से बड़ी मात्रा में दस्तावेज जब्त किए हैं। उनके लैपटॉप, कम्प्यूटर की भी जांच की जा रही है। लैपटॉप और दो हार्ड डिस्क भी जब्त किए हैं।

विदेश में निवेश की कर रही जांच
लोकायुक्त के सूत्रों ने बताया कि प्रदीप जैन द्वारा विदेश में निवेश की सूचनाएं भी मिली हैं। कार्रवाई में मिले दस्तावेजों में जैन के फाॅरेन इन्वेस्टमेंट्स की जांच भी की जा रही है। लोकायुक्त के अफसरों ने बताया कि जांच में फॉरेन ट्रिप के दस्तावेज मिले हैं। पीके जैन चार दिन पहले ही कनाडा से लौटे हैं। प्रदीप जैन से कनाडा टूर के बारे में पूछताछ की जा रही है।

स्मार्ट सिटी में संविदा कर्मचारी हैं जैन

पीके जैन रिटायरमेंट के बाद से ही भोपाल स्मार्ट सिटी में बतौर सुप्रिटेंडेंट इंजीनियर (प्रोजेक्ट) संविदा कार्यरत हैं। वहां उन्हें वित्तीय पावर भी मिले हुए हैं। जैन स्मार्ट सिटी में भी अधीक्षण यंत्री के पद पर ही काम कर रहे हैं।

6 हजार वर्गफीट में बना कोठीनुमा मकान

पीके जैन का मकान लॉर्ड्स कॉलोनी के प्लॉट नंबर 11 और 12 पर बना है। मकान का निर्माण 6 हजार वर्गफीट पर कोठीनुमा किया गया है। चारों तरफ सीसीटीवी लगे हैं। एक साल पहले ही उनका यह भव्य मकान बनकर तैयार हुआ है। पड़ोसियों ने बताया कि जैन परिवार यहां कम ही रहता है। अंदर केवल सर्वेंट रहते हैं। जैन परिवार अधिकांश विदेश में ही रहता है। उनका बेटा कनाडा में सेटल है।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles