MP: इंदौर, खरगोन और रतलाम में 5 कारोबारी के यहां आयकर छापा, 6 करोड़ कैश, 17 किलो सोने के जेवर मिले

भोपाल। टैक्स चोरी के मामले में आयकर विभाग ने इंदौर, खरगोन, रतलाम में एक साथ 5 बड़े कारोबारियों के ठिकानों पर छापा मारा। इंदौर में धनसुख राज कटारिया के घर और अन्य ठिकानों पर हुई कार्रवाई में चार बैंक लॉकर्स में से दो की छानबीन की गई। इनमें 6 करोड़ रुपए से ज्यादा नकद, 17 किलो सोने के आभूषण और 8 करोड़ रुपए की हुंडियां मिली हैं। अभी दो लॉकर्स की छानबीन की जाना है।
विभाग ने कटारिया के फाइनेंस के बिजनेस के मामले
में भी छानबीन की। जानकारी मिली है कि कटारिया
के पॉलिटिकल कनेक्शन रहे हैं। कटारिया बड़े पैमाने में लेन-देन कर दूसरों को तगड़े ब्याज पर फाइनेंस करता था। टीम इस पर छानबीन कर रही है। इससे पहले इंदौर में टीम धनसुख राज के दाल मिल के कार्यालय भी पहुंची। कटारिया जानकी नगर में रहते हैं। उनकी दिलीप दाल मिल नामक फर्म है। इसके अलावा ब्याज-बट्टे का भी धंधा है। उनके कई फाइनेंसरों से लेन-देन की जानकारी सामने आई है। कटारिया ने दाल मिल के अलावा रियल एस्टेट में भी निवेश कर रखा था। इनके तार बड़े नेताओं से भी जुड़े हैं। विभाग के पास नेताओं को फंडिंग करने की जानकारी भी थी जिसके आधार पर कार्रवाई की गई है।

रतलाम कारोबारी के घर से मिले डेढ़ करोड़ रुपए
रतलाम में हवाला कारोबारी के यहां से इनकम टैक्स की टीम को डेढ़ करोड़ रुपए नगद मिले हैं। आईटी की कार्रवाई खत्म हो गई है। शुक्रवार तड़के टीम रवाना हो गई। इससे पहले आईटी विभाग के अधिकारी गुरुवार को हवाला कारोबारी को रतलाम की अलग-अलग बैंकों में लेकर भी पहुंचे। बैंकों के रिकॉर्ड खंगाले। लॉकर भी चेक किए।

ग्वालियर-रतलाम में बीयर बार पर GST का छापा
गुड्स एंड सर्विस टैक्स (GST) की टीम ने शुक्रवार को ग्वालियर और रतलाम में बीयर बार पर छापा मारा है। ग्वालियर में माया बीयर बार, सफारी समेत तीन से चार बीयर बार पर टीम पहुंची। यहां रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। विभाग को यहां बिल में छेड़छाड़ कर टैक्स चोरी की सूचना मिली थी। इसके अलावा, रतलाम के चार बीयर बार पर इंदौर से आए जीएसटी अधिकारियों ने छापा मारा। यहां बीयर बार संचालकों से पूछताछ जारी है। इंदौर से करीब 10 गाड़ियों में 15 अधिकारियों की टीम रतलाम पहुंची है।

Exit mobile version