MP: भोपाल में तेज बारिश, इंदौर समेत 15 जिलों में अलर्ट:कोलार डैम के 8 में से 2 गेट खोले, विदिशा – सीहोर में बाढ़

भोपाल। प्रदेश में मानसून एक्टिविटी के चलते भोपाल में रविवार सुबह से कभी धीमी कभी तेज बारिश हो रही है। कोलार डैम का जलस्तर बढ़कर 458.70 मीटर होने पर 8 में से 2 गेट खोल दिए गए हैं। कोलार नहर संभाग की एक्जीक्यूटिव इंजीनियर हर्षा जैनवाल ने बताया कि दोनों गेट 40-40 सेंटीमीटर खोले गए हैं। विदिशा में भी सुबह से रुक-रुककर रिमझिम बारिश हो रही है।

मौसम विभाग ने रविवार को इंदौर, जबलपुर समेत प्रदेश के 15 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। सीनियर मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश ने बताया कि 29-30 जुलाई को तेज बारिश का दौर थम जाएगा, लेकिन 31 जुलाई से फिर स्ट्रॉन्ग सिस्टम की एक्टिविटी शुरू होगी।
इससे पहले शनिवार को पन्ना, शाजापुर, विदिशा, रायसेन, सीहोर, देवास, पचमढ़ी, आगर-मालवा में बाढ़ जैसे हालत बने। कई गांवों का मुख्यालयों से संपर्क कटा रहा।

एमपी में अब तक 16.5 इंच बारिश
प्रदेश में अब तक मानसून सीजन की 103% बारिश हो चुकी है। 16 इंच के मुकाबले 16.5 इंच यानी 0.5 इंच ज्यादा पानी गिर चुका है। यह औसत बारिश से 3% ज्यादा है। प्रदेश की छोटी नदियां उफान पर हैं, बड़ी नदियों और बांधों में लगातार पानी बढ़ रहा है।

कोलार डैम में 2 फीट पानी बढ़ा

प्रदेश में पिछले 11 दिन से तेज बारिश हो रही है। इस कारण डैम और तालाबों में भी पानी बढ़ा है। 24 घंटे में सीहोर के कोलार डैम में 2 फीट पानी बढ़ा है। इंदिरा सागर डैम में 3 फीट पानी की बढ़ोतरी हुई है। बरगी और गोपीकृष्ण डैम में भी पानी की आवक हो रही है।
भोपाल का बड़ा तालाब अब करीब दो फीट ही खाली है। शहडोल के बाणसागर, नर्मदापुरम के तवा डैम, भोपाल के कलियासोत, राजगढ़ के मोहनपुरा और कुंडालिया डैम में भी पानी बढ़ा है।

Exit mobile version