MP: महाकाल के गर्भगृह में एंट्री बैन, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष अंदर पहुंचे:नियम तोड़कर परिवार के साथ की पूजा, कांग्रेस ने कहा-इन्हें रोकने वाला कोई नहीं
उज्जैन। महाकाल मंदिर के गर्भगृह में पंडे-पुजारियों को छोड़कर सभी के प्रवेश पर एक साल से रोक है। लेकिन, वीआईपी जब चाहें गर्भगृह में एंट्री कर रहे हैं। कांग्रेस ने 10 दिन में दूसरी बार भाजपा नेताओं पर नियम के खिलाफ जाने के आरोप लगाए हैं।
इस बार बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा पर नियम के खिलाफ जाने का आरोप है। 19 अगस्त को सावन का आखिरी सोमवार था। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष, उज्जैन भाजपा के ग्रामीण अध्यक्ष बहादुर सिंह बोरमुंडला, देवास के बीजेपी जिला अध्यक्ष राजीव खण्डेलवाल और ग्वालियर के जय प्रकाश बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य महाकाल मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर गए। चारों का पूजन – अभिषेक करते हुए वीडियो सामने आने पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं।
तराना (उज्जैन) से कांग्रेस विधायक महेश परमार ने कहा, ‘आम श्रद्धालु जब काफी देर तक लाइन में लगकर गर्भगृह के सामने पहुंचता है, तो उसे कुछ सेकेंड में ही आगे बढ़ा दिया जाता है। लेकिन, वीआईपी बिना परमिशन ही सीधे गर्भगृह में चले जाते हैं। इन्हें रोकने वाला कोई नहीं।’ महाकाल मंदिर के प्रशासक गणेश धाकड़ से पूछा कि किसके आदेश पर गर्भगृह में गए? उनका जवाब था, ‘मैं दिखाता हूं। मैंने नहीं कहा था। शायद एडीएम ने प्रोटोकॉल दिया होगा।’ हमने जब एडीएम अनुकूल जैन से बात की, तो वे बोले, ‘महाकाल मंदिर प्रशासक ही कुछ बता सकेंगे। हमारे यहां से किसी को प्रोटोकॉल नहीं दिया गया।’
4 जुलाई 2023 से गर्भगृह में प्रवेश पर प्रतिबंध
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने 4 जुलाई 2023 से मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश बंद कर दिया था। तय हुआ था कि केवल पंडे-पुजारी ही प्रवेश करेंगे। इसके बाद आम श्रद्धालु गर्भगृह से दूर हो गए, लेकिन वीआईपी इस नियम का पालन नहीं कर रहे हैं।



