MP: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लगाई क्षिप्रा में डुबकी, क्षिप्रा पर सवाल उठाने वालों को आड़े हाथ लिया..


भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज चुनाव अभियान के दौरान उज्जैन की पुण्य सलिला क्षिप्रा नदी में स्नान कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मां क्षिप्रा का पूजन-अर्चन कर चुनरी चढ़ाई। मुख्यमंत्री ने उन लोगों पर निशाना साधा जो लोग चुनावी राजनीति के लिए क्षिप्रा नदी के प्रदूषण का मुद्दा उठाकर मां क्षिप्रा पर सवाल उठा रहे हैं।
स्नान के पश्चात मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन की पहचान मां क्षिप्रा से है, बाबा महाकाल की इस नगरी में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास है… मां शिप्रा के पावन तट पर हमारी परंपरा है कि स्नान के बाद यहाँ अपने तीर्थ की महत्ता बढ़ाएं। बड़ा दुख होता है कि कभी-कभी लोग मां क्षिप्रा पर प्रश्न करते है, हम सब जानते हैं कि यह मां का तट है, इसकी पवित्रता बना कर रखना चाहिए।
नई सरकार बनने पर गोपाल कृष्ण भी मुस्कुराएंगे
उज्जैन में संत समागम एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा, आज भी कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता अयोध्या में भगवान राम के दर्शन के लिए नहीं जा रहे। क्यों नहीं जा रहे? क्योंकि उनको लगता है कि दूसरे धर्म के वोट नहीं मिलेंगे। ये उनकी गलतफहमी है। उन्होंने कहा, आज भगवान राम का आनंद आया है। कल नई सरकार बनेगी। निश्चित रूप से गोपाल कृष्ण भी मुस्कुराएंगे।
कांग्रेस प्रत्याशी ने लगाए थे आरोप
23 अप्रैल को शिप्रा में मिल रहे गंदे नाले के पानी को लेकर तराना से विधायक व उज्जैन लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी महेश परमार ने सरकार पर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था, पिछले 20 साल से मध्यप्रदेश में और 10 साल से देश में भाजपा की सरकार है। धर्म के नाम पर राजनीति करने वाले लोग कहां हैं? 40-20 साल पहले उज्जैन को नवंबर-दिसंबर के बाद क्षिप्रा का पानी नहीं मिलता था
मुख्यमंत्री ने परमार का नाम लिए बिना कहा, सभी जानते हैं कि मां का तट है, इसकी पवित्रता बनाई रखनी चाहिए। शिप्रा का पानी हरा-भरा है, मई के महीने में भी पानी है। नदी में स्नान करने का आनंद ही अलग है। उन्होंने कहा, कल से यहां पंचकोशी की बड़ी परिक्रमा प्रारंभ होगी। उज्जैन में हमारी सरकार द्वारा किए गए काम के कारण पूरे साल नदी का जल मिल रहा है, मुझे इस बात का संतोष है। आज से 20 साल पहले यहां नवंबर-दिसंबर के बाद पानी नहीं मिलता था।
कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री आज उज्जैन आए। वे फ्रीगंज इलाके में आयुष्मान लाभ विस्तार अभियान में शामिल हुए। 70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को आयुष्मान भारत योजना के तहत फॉर्म भरवाए। नव मतदाता और लाभार्थियों से मुलाकात की।
साधु-संतों का आशीर्वाद लिया, हनुमान मंदिर में दर्शन किए
मुख्यमंत्री दत्त अखाड़े के साधु – संतों का आशीर्वाद लेने पहुंचे। इसके बाद उन्होंने भाजपा प्रत्याशी अनिल फिरोजिया के लिए वार्ड – 38 में जनसंपर्क किया। भाजपा के संभागीय कार्यालय शक्ति भवन में अखंड ज्योति हनुमान मंदिर में दर्शन किए।

img 20240502 1323051341316836303263999
MP: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लगाई क्षिप्रा में डुबकी, क्षिप्रा पर सवाल उठाने वालों को आड़े हाथ लिया.. 3

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles