MP: भाजपा विधायक ने कहा-नल लगे लेकिन पानी नहीं आता:विपक्ष बोला-जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार हो रहा; स्पीकर ने टोका तो वॉक आउट किया

भोपाल। विधानसभा में बजट सत्र के पांचवें दिन शुक्रवार को जल जीवन मिशन के कामों में करप्शन का मुद्दा उठा। सांची से बीजेपी विधायक डॉ. प्रभु राम चौधरी बोले कि कई जगह ऐसी भी हैं, जहां नल लगे हुए हैं लेकिन पानी नहीं आता है। सांची विधानसभा क्षेत्र के 49 गांवों में इस तरह की दिक्कत है। जो काम पूरे बताए जा रहे हैं, उनकी जांच के लिए कमेटी बनाई जाए। दोषी अफसरों पर कार्रवाई की जाए।
इसके जवाब में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, आज ही निर्देश जारी करेंगे कि कलेक्टर बैठक करें और नल जल से पानी मिलने की व्यवस्था कराएं।’ उन्होंने कहा कि सांची विधानसभा क्षेत्र में प्रमुख इंजीनियर को भेजकर जांच कराई जाएगी
इस पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा, पूरे प्रदेश में जल जीवन मिशन में घोटाला हो रहा है। सरकार को कार्रवाई के लिए कहा जाना चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष इस पर व्यवस्था तय करें। विजयवर्गीय ने जवाब दिया, ‘प्रश्नकाल के दौरान नेता प्रतिपक्ष द्वारा इस तरह की बात करना उचित नहीं है। इसे विलोपित किया जाना चाहिए।
इस पर शोर-शराबे की स्थिति बनी तो विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने टोका। तोमर ने कहा, प्रश्नकाल के दौरान इस तरह की स्थिति नहीं बनने देनी चाहिए। अनुमति लेकर अपनी बात कहनी चाहिए। इससे असंतुष्ट विपक्ष ने सदन से वॉक आउट कर दिया।

Exit mobile version