MP: महाकाल गर्भगृह में BJP विधायक ने नियम तोड़कर की पूजा:कांग्रेस ने की FIR की मांग

उज्जैन। महाकाल मंदिर के गर्भगृह में पंडे-पुजारियों को छोड़कर सभी के प्रवेश पर प्रतिबंध हैं। बावजूद इसके उज्जैन के बीजेपी विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने अपने जन्मदिन पर गर्भगृह में जाकर भगवान महाकाल की पूजा की। उनका पूजा करते हुए वीडियो और फोटो सामने आने पर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति ली। कांग्रेस विधायक महेश परमार ने कहा है कि जिस तरह नियम तोड़ने पर आम लोगों पर कार्रवाई की जाती है। उसी तरह भाजपा विधायक पर भी कार्रवाई हो। उन्होंने विधायक पर FIR करने की मांग की है।

10 अगस्त शनिवार को उज्जैन उत्तर के ‎विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा का जन्मदिन था। इस मौके पर वे महाकाल मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे।उनके साथ भाजपा के सराफा‎ मंडल अध्यक्ष अजय तिवारी भी‎ गर्भगृह में पूजन करते दिखाई दिए।

4 ‎जुलाई 2023 से गर्भगृह में प्रवेश पर प्रतिबंध

श्री ‎महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने 4 ‎जुलाई 2023 से मंदिर के गर्भगृह में ‎प्रवेश बंद कर दिया था। तय हुआ था ‎कि केवल पंडे-पुजारी ही प्रवेश करेंगे। ‎इसके बाद आम श्रद्धालु गर्भगृह से‎ दूर हो गए, लेकिन वीआईपी ‎इस नियम का पालन नहीं कर रहे हैं।

नियम तोड़ना भाजपा की परिपाटी: परमार

कांग्रेस विधायक महेश परमार ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद भी भाजपा की नियम तोड़ने की परिपाटी रही है। नागपंचमी पर देवास से भाजपा विधायक का बेटा गाड़ियों का काफिला लेकर मंदिर परिसर के अंदर चला गया। अब भाजपा विधायक जन्मदिन पर गर्भगृह में गए। नियम और सुप्रीम कोर्ट के निर्देश सभी के लिए हैं।उन्होंने कहा, आम श्रद्धालुओं को दर्शन नहीं हो रहे। इनकी जगह अगर सामान्य श्रद्धालु गलती से भी गर्भगृह की देहरी पर पहुंच जाता तो पूरा शासन-प्रशासन उस पर केस दर्ज कराता। कांग्रेस 16 अगस्त को उज्जैन में प्रस्तावित हल्ला बोल आंदोलन में इसे भी मुद्दा बनाएगी।

जिम्मेदार बोले- हम मंदिर में नहीं थे

मंदिर समिति के प्रशासक मृणाल मीना का कहना है, ‘मैं रिलीव हो चुका हूं। कल ही ट्रांसफर हो चुका है।’ सुबह ड्यूटी पर रहने वाले सहायक प्रशासक प्रतीक द्विवेदी ने कहा, ‘मुझे आइडिया नहीं है। उस समय मैं ड्यूटी पर नहीं आया थाशुक्रवार को नागपंचमी की थकान के कारण मैं पहुंच नहीं पाया था।’ एक और सहायक प्रशसाक मूलचंद जूनवाल से चर्चा की, तो उन्होंने कहा, ‘मैं शुक्रवार को नागपंचमी की ड्यूटी पर था। सुबह 3 बजे घर पहुंचा था। विधायक ने कब दर्शन किए, मुझे नहीं पता।’।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles