इंदौर। MBA पेपर लीक मामले में मध्यप्रदेश के इंदौर में भाजपा नेता अक्षय बम के idyllic College पर बड़ी कार्रवाई हुई है। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV Indore) ने अक्षय बम के कॉलेज पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। जुर्माना लगाए जाने के बाद मंगलवार को कॉलेज प्रबंधन ने जुर्माने की राशि को लेकर एक डीडी भेजा है। जिसके साथ ही एक पत्र रजिस्ट्रार को भेजकर 4 लाख रूपए की रियायत की मांग की गई है लेकिन यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने इस मांग को ठुकरा दिया है।
बताया गया है कि मई के महीने में अक्षय कांति बम के आइडलिक कॉलेज में एमबीए फर्स्ट सेमेस्टर की परीक्षा करवाई गई थी, जिसमें अकाउंट्स और क्वांटिटेटिव टेक्निक विषय के पेपर आउट हुए थे। यूनिवर्सिटी तक मामला पहुंचा तो पुलिस में शिकायत की गई। इसके बाद पुलिस की जांच में आइडलिक कॉलेज के कम्प्युटर आपरेटर की पेपर लीक में भूमिका पाई गई। साथ ही ये भी पता चला कि पेपर लीक होने में प्राचार्य की भी लापरवाही है। ऐसा इसलिए क्योंकि पेपर को नजदीकी थाने में रखने की बजाए कालेज ने प्राचार्य कक्ष में रखा गया था।
1 लाख का रूपए का डीडी भेजा
इस मामले में डीएवीवी यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने अक्षय कांति बम के कॉलेज पर 5 लाख रुपए का जुर्माना लगाया था और तीन साल के लिए कॉलेज को किसी भी परीक्षा का सेंटर बनाने के लिए ब्लैक लिस्ट किया था। अब इस जुर्माने की राशि में से एक लाख रुपए का डीडी कॉलेज प्रबंधन ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन को भेजा है साथ ही एक लेटर भी रजिस्ट्रार को लिखा गया है जिसमें बकाया 4 लाख रुपए की जुर्माना राशि को माफ करने की मांग की गई है। बता दें कि अक्षय कांति बम लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस से इंदौर लोकसभा सीट के प्रत्याशी थे लेकिन उन्होंने ऐन वक्त पर भाजपा ज्वाइन कर ली थी और इसके कारण चुनाव में कांग्रेस अपना कोई भी प्रत्याशी इंदौर सीट पर नहीं उतार पाई थी।
,
