MP: मुरैना में अवैध पत्थर माफिया द्वारा सिविल लाइन थाना प्रभारी रामबाबू यादव को कुचलने का प्रयास

मुरैना। मुरैना में गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे अवैध पत्थर का खनन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने को गए दल पर पत्थर माफियाओं ने हमला कर दिया। जिसमें जिले के दबंग टीआई रामबाबू यादव घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया।

वहीं टीआई के घायल होने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी थाना सिविल लाइन पर पहुंच गए। पुलिस ने अवैध पत्थर से भरी ट्रैक्टर ट्राली को पकड़ लिया। इसके चालक और मालिक के विरुद्ध थाना सिविल लाइन में कार्रवाई की जा रही है।जिला पंचायत के मार्ग को अवैध पत्थर का खनन कर परिवहन करने वालों ने अपना ठिकाना बना लिया है। गुरुवार सुबह कुछ अधिकारियों द्वारा अत्यधिक संख्या में इनका जमाबड़ा उपरोक्त मार्ग के नजदीक देखा गया। जिस पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश पुलिस प्रशासन खनिज विभाग को दिए गए।

पुलिस की ओर से सिविल लाइन थाना प्रभारी रामबाबू यादव और खनिज विभाग की ओर से खनिज निरीक्षक सुरेंद्र पटेल, अभिषेक चक के नेतृत्व में पुलिस बल, प्रशासन, खनिज विभाग के कर्मचारी कार्रवाई के लिए गए हुए थे। जैसे ही यह दल जिला पंचायत मार्ग पर पहुंचा। इस दौरान ट्रैक्टर ट्रॉली के चालक और मालिक वाहनों को लेकर भागने लगे।

इस अफरा तफरी में सिविल लाइन टीआई रामबाबू यादव द्वारा न्यू हाउसिंग बोर्ड में जा रहे ट्रैक्टर ट्राली का पीछा किया। कड़ी मशक्कत के बाद ट्रॉली के नजदीक पहुंचे रामबाबू यादव पर हमला कर दिया गया। जिससे उनकी आंख में चोट आई है। ट्रैक्टर ट्राली के चालक और मालिक वाहन को छोड़कर फरार हो गए। सहयोगी कर्मचारी रामबाबू यादव को जिला चिकित्सालय लाए। वहीं कुछ कर्मचारी अवैध पत्थर से भरी ट्रैक्टर ट्राली को थाना सिविल लाइन लेकर पहुंच गए हैं।

Exit mobile version