MP: दतिया के पंडोखर धाम में आग:महाराज निवास, दफ्तर और साधु-संतों की कुटिया जलीं

दतिया।   पंडोखर धाम में सोमवार दोपहर को आग लग गई। तेज हवाओं के कारण आग फैलती गई। देखते ही देखते आग साधु-संतों समेत भक्तों के लिए बनीं कुटियाओं तक पहुंच गईं। दूर से ही ऊंची-ऊंची लपटें दिखाई दे रही थी।

जानकारी मिलते ही पंडोखर थाना पुलिस और भांडेर नगर परिषद की फायर ब्रिगेड का अमला मौके पर पहुंचा। फायर ब्रिगेड के अमले ने स्थानीय लोगों की मदद से करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। धाम प्रबंधन ने आग के पीछे साजिश की आशंका जताई है।

पंडोखर पुलिस के मुताबिक, घटना दोपहर करीब साढ़े 3 बजे की है। ग्रामीणों और मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं की मदद से आग पर करीब 2 घंटे में काबू पा लिया गया। आग बुझाने में जुटे लोगों का कहना है कि, दमकल की टीम जब तक धाम पर पहुंची, करीब 90 प्रतिशत आग पर हम सब ने काबू पा लिया था। आग लगने का कारण पुलिस तलाश रही है।

पंडोखर धाम में मंगलवार 23 अप्रैल से महोत्सव शुरू होना है, जो 8 मई तक चलेगा। इसमें पंडोखर पीठाधीश्वर पंडित गुरु शरण शर्मा, वृंदावन के अर्पिताचार्य जी महाराज और साध्वी पीताम्बरा के प्रवचन होंगे। देशभर से अनुयायी यहां पहुंच रहे हैं।

कुटीर से भड़की आग, महाराज निवास और ऑफिस तक पहुंची

पंडोखर धाम के व्यवस्थापक मुकेश गुप्ता ने बताया कि महोत्सव को देखते हुए विशेष तैयारियां की गई थीं। साधु-संत और भक्तों के रुकने के लिए कुटीर बनाए गए थे। आग इन्हीं कुटीर से भड़की और जल्द ही महाराज निवास समेत धाम के नए ऑफिस तक पहुंच गई।
कुटियाओं के साथ जरूरी दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक सामान, जेवरात, सोफा समेत लकड़ी के आइटम्स जल गए हैं। करीब एक करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों ने शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles