भोपाल। नौतपा के दूसरे दिन रविवार को मध्यप्रदेश के अधिकतर जिले जमकर तपे। राजगढ़, शाजापुर, निवाड़ी, सागर, गुना, खजुराहो और सीहोर जिलों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज किया गया। सबसे गर्म राजगढ़ रहा, यहां टेम्प्रेचर 46.8 डिग्री रहा। शाजापुर में 46.6, पृथ्वीपुर निवाड़ी में 46.5, सागर-गुना में 46.2, खजुराहो-सीहोर में 46 डिग्री तापमान रहा।भोपाल में तापमान पैंतालीस डिग्री पार कर गया।
भोपाल में पारा रिकॉर्ड 45.4 डिग्री
नौतपा के दूसरे दिन भोपाल में भीषण गर्मी पड़ रही है। शाम साढ़े 5 बजे भोपाल में अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह पिछले 10 साल में दूसरा सबसे अधिक तापमान है। इससे पहले साल 2016 में पारा 46.7 डिग्री पहुंचा था। बता दें कि आज सुबह से ही भोपाल में सूरज के तेवर तीखे रहे हैं। दोपहर ढाई बजे ही तापमान 44.8 डिग्री पहुंच गया था। दोपहर के समय भोपाल सड़कों पर सन्नाटा फैला हुआ था।
सागर में 10 साल में दूसरी बार पारा 46 पार
बड़े शहरों की बात करें तो इंदौर में रविवार को 43.3 डिग्री, ग्वालियर में 45.6 डिग्री, जबलपुर में 43.4 डिग्री और उज्जैन में 43.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। सागर में साल 2014 से अब तक 10 साल में दूसरी बार पारा 46.2 डिग्री या इससे ज्यादा पहुंचा है। इससे पहले 2016 में यह 46.4 डिग्री तक गया था।
खरगोन, शिवपुरी, नौगांव, खंडवा, दमोह और टीकमगढ़ में पारा 45 डिग्री के पार ही रहा। प्रदेश में सबसे ठंडा नर्मदापुरम जिला रहा। नर्मदापुरम शहर में 39.7 डिग्री और पचमढ़ी में पारा 38.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
रतलाम के जावरा में टीन की चपेट में आकर एक शख्स
की मौत
उधर, इंदौर, देवास, रतलाम, मंदसौर समेत कई जिलों में दोपहर बाद आंधी के साथ बारिश हुई। जावरा में चौपाटी पर लगी टीन की चादर उड़ गई। इसकी चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। कई जगह होर्डिंग भी
गिर गए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों से लू-गर्मी से बचने के लिए सावधानियां बरतने की अपील की है।
खराब मौसम के चलते इंदौर आ रही फ्लाइट को भोपाल किया डायवर्ट
खराब मौसम के चलते हैदराबाद से इंदौर आ रही फ्लाइट को भोपाल एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा। राजा भोज एयरपोर्ट पर फ्लाइट की शाम 4.31 बजे लैंडिंग हुई। मौसम साफ होने के बाद शाम 5.37 बजे फ्लाइट को इंदौर रवाना किया गया। इसमें 191 पैसेंजर्स सवार थे।
