MP: 29 प्रमोटी IAS का नए सिरे से कैडर वर्ष तय हुआ, विभागीय जांच का बंद लिफाफा खुलने के बाद वरिष्ठता में सबसे ऊपर आए सुनील दुबे

भोपाल। प्रदेश में राज्य प्रशासनिक सेवा के अफसरों को भारतीय प्रशासनिक सेवा के कैडर में पदोन्नत करने के बाद केंद्रीय कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) ने नए सिरे से इन अधिकारियों के कैडर वर्ष तय कर दिए हैं। दरअसल सुनील दुबे और कमलेश कुमार भार्गव के लिफाफे पदोन्नति के समय बंद रखे गए थे और विभागीय जांच में क्लीनचिट मिलने के बाद इन्हें आईएएस अवार्ड किया गया था। इसके बाद अब इन अफसरों समेत 2021 व 2022 की डीपीसी में पदोन्नति पाने वाले सभी 29 अफसरों के लिए नए सिरे से कैडर वर्ष आवंटन की सूची डीओपीटी ने जारी की है। इसमें लिफाफा बंद रहने के चलते पीछे रहने वाले सुनील दुबे का नाम अब 2021 बैच की पदोन्नति वाले अफसरों में सबसे ऊपर आ गया है।

इन्हें मिला 2016 कैडर

जिन अधिकारियों को डीओपीटी के नोटिफिकेशन में 2021 की डीपीसी में पदोन्नत होने के बाद 2016 का कैडर वर्ष आवंटित किया गया है उसमें सुनील कुमार दुबे का नाम सबसे ऊपर है जो बिदिशा मुखर्जी के बाद सीनियरिटी लिस्ट में शामिल होंगे। दुबे के नाम के बाद 2016 कैडर पाने वाले अफसरों में राजेश कुमार जैन, प्रमोद कुमार शुक्ला, गजेन्द्र कुमार नागेश, प्रताप नारायण यादव, अनुराग सक्सेना, मल्लिका निगम नागर, अजीजा सरसार जफर, सपना पंकज सोलंकी, मंजूषा विक्रांत राय, संघमित्रा गौतम, संजना जैन, शुचिस्मिता सक्सेना, कीर्ति खुरासिया, जगदीश कुमार गोमे और दिशा नागवंशी के नाम हैं। इस पदोन्नति वर्ष 2021 में 16 राज्य प्रशासनिक सेवा के अफसर आईएएस बनाए गए थे। सीनियरिटी लिस्ट में अवार्ड पाने वाले इन अफसरों के नाम 2016 की सीधी भर्ती की अफसर मिशा सिंह के नाम के बाद और 2017 बैच के सीधी भर्ती के आईएएस अफसर अभिलाष मिश्रा के नाम के ऊपर रखे गए हैं।

2017 कैडर वर्ष वाले अफसर

डीओपीटी द्वारा 21 मई को जारी नोटिफिकेशन में 2022 की डीपीसी में पदोन्नत हुए दो अधिकारियों को 2017 का कैडर वर्ष आवंटित किया गया है। इन अधिकारियों के नाम देवेंद्र कुमार नागेंद्र और मनोज कुमार सरियाम हैं। इसके अलावा किसी अन्य अधिकारी को 2017 कैडर वर्ष नहीं आवंटित हुआ है। सीनियरिटी लिस्ट में 2022 की आईएएस अवार्ड सूची में शामिल देवेन्द्र कुमार नागेंद्र और मनोज कुमार सरियाम के नाम 2017 बैच के सीधी भर्ती के आईएएस शेर सिंह मीना के नाम के नीचे और 2018 बैच के सीधी भर्ती से सिलेक्ट आईएएस अफसर सिद्धार्थ जैन के ऊपर रखे गए हैं। 2016 और 2017 का कैडर वर्ष पाने वाले अफसर 2001, 2002 में डिप्टी कलेक्टर बने थे।

2018 कैडर वर्ष वाले अफसर

वर्ष 2022 की डीपीसी में 13 राज्य प्रशासनिक सेवा के अफसरों को आईएएस अवार्ड हुआ था। इसमें से 2005 और 2006 में डिप्टी कलेक्टर बनने वाले जिन 11 अधिकारियों को आईएएस अवार्ड हुआ है और 2018 कैडर वर्ष दिया गया है उनमें जीएस धुर्वे, राम प्रकाश अहिरवार, कमलेश कुमार भार्गव, अभय सिंह ओहरिया, संदीप केरकेट्टा, अंजली जोसफ, रेखा राठौर, नवीत कुमार धुर्वे, सोजान सिंह रावत, वंदना शर्मा और अर्चना सोलंकी शामिल हैं। 2022 में आईएएस अवार्ड पाने वाले जीएस धुर्वे से लेकर अर्चना सोलंकी तक के नाम सीनियरिटी लिस्ट में 2018 बैच की सीधी भर्ती की आईएएस ज्योति शर्मा के नाम के नीचे और 2019 बैच की सीधी भर्ती से सिलेक्ट आईएएस श्रेयस कुमट के नाम के ऊपर रखे गए हैं।

Exit mobile version