भोपाल। भोपाल में रात में 44.6 मिमी यानी, 1.7 इंच पानी बरस गया। वहीं, गुरुवार सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। कोलार समेत कुछ इलाकों में सुबह बूंदाबांदी भी हुई। मौसम विभाग ने अगले 4 दिन बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है। बारिश की वजह से रात के टेम्प्रेचर में 2.9 डिग्री की गिरावट हुई है और पारा 23.8 डिग्री पर पहुंच गया। बारिश और आंधी की वजह से रात में कई कॉलोनियों में बिजली भी गुल रही।
जून में कोटे से ज्यादा बारिश
भोपाल में जून महीने की औसत बारिश 132.8 मिमी यानी, 5.2 इंच है, जबकि इस महीने 9.1 इंच बारिश हो चुकी है। इस बार 23 जून को भोपाल में मानसून की एंट्री हुई। इसके बाद से ही पानी बरस रहा है। भोपाल में मानसून के आने की सामान्य तारीख 20 जून है। अबकी बार 3 दिन की देरी से मानसून एंटर हुआ है। आज सुबह से बादल छाए हुए हैं। कोलार इलाके में सुबह बूंदाबांदी भी हुई। भोपाल में आज तेज बारिश का अलर्ट है। 28, 29 और 30 जून को भी कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है। बारिश की वजह से दिन और रात के तापमान में गिरावट होगी। दिन में पारा 34 डिग्री और रात में 23 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
इस बार 106 प्रतिशत बारिश का अनुमान
भोपाल में इस बार समान्य से 106 प्रतिशत बारिश होने का अनुमान है। पिछली बार 18 प्रतिशत कम यानी, 82 प्रतिशत (30.9 इंच) बारिश हुई थी, जबकि भोपाल की सामान्य बारिश 37.6 इंच है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अबकी बार भले ही मानसून 3 दिन की देरी से पहुंचा, लेकिन अच्छा बरसेगा।
प्री-मानसून की रिकॉर्ड बारिश
अबकी बार शहर में प्री-मानसून जमकर बरसा है। 21-22 जून की रात में 4.8 इंच पानी बरस गया। यह 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश का दूसरा रिकॉर्ड है। 24 घंटे में सर्वाधिक बारिश का रिकॉर्ड 22 जून 1986 के नाम है। इस दिन 5 इंच से अधिक बारिश हुई थी।
6 जिलों में बारिश का अलर्टं: विदिशा में बिजली गिरने से बुजुर्ग की मौत, युवक झुलसा
प्रदेशके कई अंचलों में बुधवार रात गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई। एक घंटे की मूसलाधार बारिश में विदिशा में कई इलाकों में पानी भर गया। बिजली गिरने से यहां एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि एक युवक झुलस गया। इधर, भिंड में तेज बारिश के बाद पॉश कॉलोनी में पानी भर गया। गुरुवार को भी 6 जिलों में आंधी चलेगी और बारिश होगी। इनमें भोपाल, गुना, अशोकनगर, विदिशा और नर्मदापुरम जिले शामिल हैं। इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन समेत प्रदेश के कई जिलों में भी मौसम बदला रहेगा। यहां आंधी और गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी। ऐसा वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ), साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन की वजह से होगा।
विदिशा में सडक़ों पर भरा डेढ़ फीट तक पानी
विदिशा में देर रात हुई बारिश से सडक़ों पर डेढ़ फीट तक पानी भरा गया। नालियों की गंदगी सडक़ों पर बहने से लोग परेशान हुए। मोहन गिरी, बरईपुरा ,नीमताल, बक्सरिया, डंडापुरा गल्लामंडी गेट, नंदीपुर सहित शहर के कई इलाकों में घरों और दुकानों में लोग सामान खराब होने से बचाने की कोशिश करते रहे। वहीं हाटखेड़ा में खेत में पेड़ पर बिजली गिर गई। पेड़ के नीचे खड़े बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। बुजुर्ग का नाती झुलस गया।
भिंड में पॉश कॉलोनियों में पानी भरा
भिंड में बुधवार – गुरुवार की दरमियानी रात 3 बजे तेज बारिश हुई। पॉश कॉलोनी शास्त्री नगर ब्लॉक ए और बी में जल भराव हो गया। बाइपास रोड पर शास्त्री चौराहे से लेकर सीता नगर तक शास्त्री नगर की हर गली पानी से लबालब है। शास्त्री तिराहे से भारौली तिराहे की ओर ट्रेंड्स शोरूम के आगे का चबूतरा धंसकर नाले में गिर गया। नाला ब्लॉक होने से पानी आसपास के घरों में घुस गया। पुलिस लाइन में भी पानी भरा है।
अब तक इन जिलों में पहुंचा मानसून
21 जून को 6 जिले- पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी और अनूपपुर जिलों में सबसे पहले मानसून पहुंचा। 23 जून को 26 जिले- भोपाल, इंदौर, उज्जैन, अलीराजपुर, बड़वानी, धार, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, सीहोर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, जबलपुर, सागर, दमोह, कटनी, उमरिया, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, 25 जून को 17 जिले- झाबुआ, रतलाम, नीमच, मंदसौर, आगर, शाजापुर, राजगढ़, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा और मऊगंज जिलों में मानसून एंटर हुआ।
Mansoon: भोपाल में रात में बरसा 1.7 इंच पानी, जून में हो चुकी 9.1 इंच बारिश, प्रदेश के अधिकांश इलाकों में पहुंचा मानसून
