Madhya Pradesh: नए मुख्य सचिव को लेकर कवायद तेज हुई
अनुराग जैन और डा. राजौरा का नाम दिल्ली पहुंचा
भोपाल। मप्र के नए मुख्य सचिव को लेकर कवायद तेज हो गई है। सूत्रों का दावा है कि मुख्यमंत्री की तरफ से दो नाम प्रमुख रूप से दिल्ली पहुंचे हैं। इनमें एक 1989 बैच के अनुराग जैन हैं, जो अभी दिल्ली में ही प्रतिनियुक्ति पर सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में सचिव हैं। दूसरे सीएम के अपर मुख्य सचिव 1990 बैच के डॉ. राजेश राजौरा हैं। मौजूदा मुख्य सचिव व 1988 बैच की वीरा राणा इसी माह सितंबर में ही रिटायर होने वाली हैं।
अनुराग का नाम सीएस की दौड़ में पिछली बार भी था, पर दिल्ली से पेच आ गया था। इस बार दिल्ली से भी हरी झंडी है। उनकी हाल में मुख्यमंत्री से मुलाकात भी हुई। लंबी बातचीत के बाद संकेत हैं कि परिस्थिति अनुकूल हो रही है। यह भी बताया जा रहा है कि राजौरा के समीकरण सीएम से अच्छे हैं। लिहाजा इन दोनों नामों में से किसी एक पर मुहर लग सकती है। 1990 बैच के आईएएस व अपर मुख्य सचिव गृह एसएन मिश्रा भी जोर लगा रहे हैं।
मिश्रा का नाम आगे आता है तो मप्र के चार अधिकारी मो. सुलेमान, विनोद कुमार, जेएन कंसोटिया और राजेश राजौरा सुपरसीड होंगे। विनोद और कंसोटिया पहले ही मंत्रालय से बाहर पदस्थ हैं। मिश्रा को लेकर उच्च स्तर पर आमराय बनाना होगा। सूत्रों का कहना है कि अनुराग जैन और राजौरा की मुख्यमंत्री से मुख्य सचिव के मसले पर अलग-अलग बात हो चुकी है। सीएम ने भी नाम दिल्ली आलाकमान तक पहुंचा दिए हैं। बताया जा रहा है कि सीएम से दिल्ली एक बार और बात कर सकती है, इसके बाद मुख्य सचिव के नाम को हरी झंडी दे दी जाएगी।



