भोपाल। लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में मध्यप्रदेश की 8 सीटों पर वोटिंग के साथ ही अब प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर चुनाव संपन्न हो गया है। चौथे दौर में सोमवार को इंदौर, उज्जैन, देवास, रतलाम, मंदसौर, धार, खरगोन और खंडवा सीटों पर मतदान हुआ। यहां कुल 74 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है।
शाम 6 बजे तक इन सीटों पर वोटिंग का आंकड़ा 71.72% रहा। इंदौर में सबसे कम 60.53% वोट पड़े हैं। जबकि खरगोन में सबसे ज्यादा 75.79% मतदान हुआ है।
2019 के मुकाबले 2024 में करीब 4% कम मतदान
2019 के लोकसभा चुनाव में मध्यप्रदेश की सभी 29 सीटों पर 71.16% वोटिंग हुई थी। 2024 के लोकसभा चुनाव में ये आंकड़ा 66.77 रहा है। जो 2019 के मुकाबले करीब 4.39% कम है।
आंधी-तूफान और बारिश के बीच वोटिंग
चौथे चरण की वोटिंग के बीच प्रदेश में अचानक मौसम बदल गया। इंदौर, शाजापुर और धार समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। कहीं-कहीं ओले भी गिरे। जिससे कई जगहों पर मतदान केंद्रों पर लगे टेंट उड़ गए। जिससे मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि वोटर्स ने जज्बा दिखाते हुए अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
चौथे दौर की 8 सीटों पर 71.72% मतदान
मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि चौथे चरण में 8 संसदीय क्षेत्रों में शाम 6 बजे तक 71.72% मतदान हुआ है। देवास में 74.86%, उज्जैन में 73.03%, मंदसौर में 74.50%, रतलाम में 72.86%, धार में 71.50%, इंदौर में 60.53%, खरगोन में 75.79% और खंडवा 70.72% मतदान हुआ है। उन्होंने कहा कि यह मतदान के अनंतिम आंकड़े हैं।
