MP: विधायक के ऑफिस के बाहर बीजेपी कार्यकर्ता भिड़े, बंदूक लहराई पटवारी बोले- मोहन भैया, उज्जैन तो संभाल लो
उज्जैन। उज्जैन में शनिवार को बीजेपी विधायक सतीश मालवीय के कार्यालय के बाहर भाजपा कार्यकर्ता भिड़ गए। कुछ कार्यकर्ताओं ने साथी कार्यकर्ता दो भाइयों को डंडे से पीटा। दोनों भाइयों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है।
घटना पर मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सीएम डॉ. मोहन यादव के लिए एक्स पर लिखा, ‘मोहन भैया, कम से कम अपने उज्जैन को तो संभालो।’
घटना फ्रीगंज में द्वारका माई टॉवर के नीचे की है। इसी टॉवर में घटि्टया से बीजेपी विधायक सतीश मालवीय का कार्यालय भी है। हमला करने वालों में से एक आरोपी दिनेश गुप्ता कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आया है।
घूरने पर कहासुनी, फिर मारपीट
हमले में घायल ओम पाटीदार ने बताया, ‘हमला दिनेश गुप्ता, अंकित गुप्ता, आदित्य गुप्ता, प्रज्ज्वल गुप्ता, राजेश गुप्ता और महेश गुप्ता ने किया है। हमारा पुराना कोई विवाद नहीं है। मैं आज सुबह द्वारका माई टॉवर के नीचे खड़ा था। दिनेश गुप्ता घूर रहा था। इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद वह परिवार वालों को ले आया और हमला कर दिया।
जिला बदर रह चुका है आरोपी
ओम पाटीदार और दिनेश गुप्ता दोनों ताजपुर के रहने वाले हैं। ओम पाटीदार बीजेपी के कार्यकर्ता हैं। वे युवा मोर्चा के महामंत्री, प्रदेश बीजेपी कार्य समिति सदस्य के साथ पाटीदार समाज के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। आरोपी दिनेश गुप्ता खदान का काम देखता है। पिछले विधानसभा चुनाव में ही कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुआ है। उस पर पहले से कई मामले दर्ज हैं। जिला बदर भी रह चुका है।
विधायक ने कहा- मैं दोनों को नहीं जानता
बीजेपी विधायक सतीश मालवीय ने कहा, ‘मैं दोनों को ज्यादा नहीं जानता हूं। यह भी नहीं मालूम कि दोनों के बीच किस बात का विवाद था। पुलिस को अपना काम करना चाहिए। अब कौन मेरे कार्यालय के नीचे आकर विवाद कर रहा है, मैं कैसे कह सकता हूं।’
माधव नगर थाने के टीआई राकेश भारती ने बताया कि हम जांच कर रहे हैं। फायर नहीं हुआ है, न ही कोई एविडेंस मिला है। लोहे की रॉड मिली है, जिसे जब्त कर लिया है।
पटवारी ने एक्स पर लिखा…
मुख्यमंत्री बनाम गृहमंत्री जी के गृहनगर में ही सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर स्थिति फिर नियंत्रण से बाहर हो गई है। चोरी, लूट और डकैती की बढ़ती घटनाओं के बाद अब उज्जैन में बीजेपी नेताओं में संघर्ष हो रहा है।
समझ नहीं आता, मोहन जी कहां हैं? क्या कर रहे हैं? क्यों कर रहे हैं? कैसे कर रहे हैं? मध्यप्रदेश की बात तो छोड़ ही दीजिए, गृहमंत्री के रूप में आप अपने गृहनगर उज्जैन को ही क्यों नहीं संभाल पा रहे हैं? मोहन भैया, बाबा महाकाल से प्रार्थना करो, उनसे सरकार के लिए सद्बुद्धि भी मांगो, कम से कम अपने उज्जैन को तो संभालो।





