Bhopal: आग में फंसे परिवार का साड़ी से बांधकर रेस्क्यू:भोपाल में तीसरे फ्लोर पर फंसे थे 5 बच्चों समेत 9 लोग

भोपाल। करोंद इलाके की तीन मंजिला बिल्डिंग में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात 3 बजे आग लग गई। थर्ड फ्लोर पर सो रहा एक परिवार लपटों में फंस गया। आग इतनी भीषण थी कि नीचे उतरने का कोई रास्ता नहीं बचा। इसके चलते दीवार पर करीब 30 फीट लंबी सीढ़ी लगा साड़ी से बांधकर 9 लोगों को रेस्क्यू किया गया। इनमें एक बुजुर्ग और 5 बच्चे थे।

घटना करोंद में हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की है। तीन मंजिला बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर मंजूर खान का कबाड़ गोदाम है। आग इसी गोदाम से शुरू हुई और कुछ ही मिनटों में तीसरी मंजिल तक पहुंच गई। पड़ोसियों के फोन करने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।

फायर फाइटर पंकज यादव ने बताया, ‘बिल्डिंग के थर्ड फ्लोर पर जाने का रास्ता आग से घिरा था। ऐसे में परिवार का हाई रेस्क्यू करने का निर्णय लिया गया। करीब 30 फीट ऊपर तक जाने के लिए दमकल की सीढ़ियों को लगाया गया। इसके बाद निशातपुरा थाने के आरक्षक योगेश सिंह इसी सीढ़ी पर चढ़कर छत पर पहुंचे और परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला। फिर पड़ोसी जिम संचालक मो. रजी ने एक के बाद एक लोगों को साड़ी से अपने शरीर से बांधा और सीढ़ियों से उतारा।’

बिल्डिंग में 60 साल के बुजुर्ग, 5 बच्चे फंसे थे
पंकज यादव ने बताया कि बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर गोदाम चलाने वाले मंजूर खान का ही परिवार थर्ड फ्लोर पर रहता है। आग की वजह से 60 वर्षीय इकराम खान, हीना, शाहीन बी, हुमैरा बी समेत 12 साल का अफरान, 8 साल का सादिल, 5 साल की जुनेरा, 4 साल का यामीन और 6 महीने की हालिमा ऊपरी मंजिल पर फंसे थे। इकराम दिव्यांग हैं। सबसे पहले उन्हीं को नीचे उतारा गया। इसके बाद बाकी सदस्यों को निकाला।

10 से ज्यादा दमकल-टैंकरों ने 2 घंटे में आग पर काबू पाया
करोंद इलाके की तीन मंजिला बिल्डिंग में आग लगने की जानकारी मिलते ही पुल बोगदा, फतेहगढ़, छोला और गांधीनगर से 10 से अधिक दमकलें और पानी के टैंकर मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान पूरे इलाके की बिजली बंद करा दी गई थी।

img 20241013 1720476471427107455820620 1

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles