Bhopal.मोनिका बेदी का केस लडऩे वाली वकील शोभा चांडक के घर ईडी की रेड

भोपाल। अभिनेत्री मोनिका बेदी का केस लडऩे वाली भोपाल की वकील शोभा चांडक के घर पर बुधवार, 6 अक्टूबर को ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) की टीम ने रेड मारी। टीम ने सुबह 7 से शाम 6 तक दस्तावेज खंगाले। ईडी का एक पंचनामा भी सामने आया है। हालांकि अभी तक इस रेड की वजह सामने नहीं आ पाई है।
ईडी की अस्सिटेंट डायरेक्टर गिन्नी चंदना और उनकी टीम ने वकील शोभा चांडक के राजधानी भोपाल के अरेरा कॉलोनी स्थित निवास पर दबिश दी। रेड में सामने आए दस्तावेजों पर ईडी ने वकील शोभा चांडक से जवाब-तलब किया।
सो रहीं थी वकील शोभा चांडक
68 वर्षीय वकील शोभा चांडक को ब्रेन संबंधी परेशानी है, लिहाजा वे नींद की टेबलेट्स खाकर सोती हैं। इसी वजह से सुबह वे देर से उठती हैं। बुधवार को जब वे अंदर के रूम में सो रही थीं, तभी ईडी की टीम ने उनके अरेरा कॉलोनी स्थित निवास ई-2/266, रानी मेंशन में रेड मारी। टीम ने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन शोभा की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। करीब 15 मिनट बाद दरवाजा खुला। सूत्रों के अनुसार, वकील शोभा चांडक का आरोप है कि तलाशी में टीम को कुछ नहीं मिला और वे जांच के नाम पर घर को तहस-नहस करके चले गए। यहां कैश में 2000 रुपए मिले। सोना के जेवरात आदि नहीं मिले। फ्लैट भी उनकी बेटी के नाम पर है। इस रेड की खबर शोभा ने अपने भाई को भी दी, जब उन्होंने कहा कि दरवाजा खोल दो तो दरवाजा खोला गया। टीम में महिला अधिकारियों के साथ सुरक्षाकर्मी भी शामिल रहे। टीम ने शोभा चांडक से खरीदी गई प्रॉपर्टी के बारे में भी पूछताछ की। ईडी की टीम ने शोभा चांडक से एक केस में दस्तावेज भी मांगे हैं, इस पर शोभा ने कहा कि सीबीआई ने इस केस में मुझे बरी कर दिया है, कैसे ये दस्तावेज मैं निकलवा सकूंगी।
मारने की धमकी और लूट
डॉन अबू सलेम की कथित गर्लफ्रेंड व अभिनेत्री मोनिका बेदी का केस वकील शोभा चांडक ने लड़ा था। आरोप है कि 2016 में उन्हें जान से मारने की धमकी मिली थी। इससे पहले शोभा चांडक से जुलाई 2015 में हबीबगंज थाने से थोड़ी दूर बाइक सवार बदमाश साढ़े पांच लाख रुपए लूटकर फरार हो गए थे। लुटेरों की झूमाझटकी में शोभा का एक हाथ फैक्चर हो गया था। घटना के दौरान उनकी बेटी संयोगिता चांडक भी साथ थीं।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles