BHOPAL: अग्निवीर जवान ने ज्वेलरी शॉप से लूटे 50 लाखः भोपाल में जीजा-बहन भी गिरफ्तार

भोपाल। भोपाल में ज्वेलरी शॉप से सोने-चांदी के जेवर और कैश लूट का मास्टरमाइंड अग्निवीर ट्रेनी जवान निकला है। जीजा के साथ मिलकर उसने लूट की। लूटे गए गहनों और पैसों से जीजा का कर्ज चुकाने के बाद बाकी पैसों से ऐश करने का प्लान था। गहने और कैश मिलाकर 50 लाख की लूट की गई थी।

पुलिस ने रविवार को अग्निवीर ट्रेनी, उसके जीजा – बहन समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पठानकोट के फतेहगढ़ में पदस्थ है। छुट्टी लेकर बहन के घर भोपाल आया था।

घटना बाग सेवनिया में मंगलवार रात 10 बजे की है। हेलमेट पहने दो बदमाशों ने दुकानदार को कट्टा दिखाकर डराया। चांदी की राखियां, जेवर और कैश लेकर भाग निकले थे। बदमाश 7 मिनट तक दुकान में रहे थे। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई पिस्टल जब्त कर ली है।

पुलिस ने 400 से ज्यादा CCTV खंगाले

पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र के मुताबिक, ‘9 टीम जांच कर रही थीं। घटनास्थल के आसपास 20 किलोमीटर के रास्ते में लगे 400 से अधिक कैमरों के फुटेज खंगाले। इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा सकी। उनके और परिजन के मोबाइल फोन सर्विलांस पर डाले गए। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने लूट करने वाले दोनों मुख्य आरोपी जीजा आकाश राय (24), उसके साले आर्मी में अग्निवीर ट्रेनी मोहित सिंह बघेल (19) को गिरफ्तार किया है।’

जीजा पर कर्ज था, इसे चुकाने रची साजिश

मोहित ने लूट की साजिश रची थी। वह बहन के घर छुट्टियां मनाने आया था। जिस जगह लूट की गई, बहन-जीजा इससे महज 400 मीटर की दूरी पर रहते हैं। रात में वॉक करते समय मोहित दुकान की रेकी करता था। उसने यह अनुमान लगा लिया था कि रात 8.30 बजे के बाद दुकान का मालिक अकेला ही रहता है। इसी का फायदा उठाकर उसने लूट की। दोनों का पुराना कोई रिकॉर्ड नहीं है। आकाश बी. कॉम सेकेंड ईयर और मोहित बीए सेकेंड ईयर तक पढ़ा है।

लूट में 5 सहयोगियों की भी भूमिका

मामले का तीसरा आरोपी विकास राय है, जो मुख्य आरोपी आकाश का भाई है। मूल रूप से सतलापुर (रायसेन) का रहने वाला है। लूटे गए माल का कुछ हिस्सा उसने अपने पास रखा था। विकास प्राइवेट कंपनी में जॉब करता है। लूट की वारदात में इस्तेमाल बाइक भी इसी की थी।

चौथी आरोपी ब्यूटी पार्लर चलाने वाली मोनिका राय, आकाश की बहन है। 12वीं तक पढ़ी है और दानिश नगर भोपाल में रहती है। लूटे गए माल का कुछ हिस्सा आरोपियों ने उसके घर भी छिपा दिया था। पुलिस ने मोनिका के पति अमित को भी पांचवां आरोपी बनाया है। उसे भी लूट की जानकारी थी। अमित प्राइवेट ऑटो गैस कंपनी में सुपरवाइजर है।
छठवीं आरोपी 46 वर्षीय गायत्री राय, आकाश की मां हैं और सतलापुर की रहने वाली हैं। उन्होंने भी चोरी के माल को अपने पास रखा था। उन्हें भी वारदात की जानकारी थी।
7वां आरोपी अभय मिश्रा, पनवार (रीवा) का रहने वाला है। वह आरोपी मोहित का दोस्त है। लूट की वारदात में इस्तेमाल पिस्टल को उसी ने आरोपियों को दिया था। आरोपी बीए ग्रेजुएट है। प्राइवेट सीमेंट कंपनी में जॉब करता है।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles