Vaibhav Suryavanshi: सबसे तेज शतक से सर्वाधिक छक्कों तक, वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 फाइनल में रचे ये कीर्तिमान

अंडर-19 वनडे विश्व कप का फाइनल भारत और इंग्लैंड के बीच जारी है। भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। हालांकि, जब भारत को चौथे ओवर में एरॉन जॉर्ज (9) के रूप में झटका लगा, तो ऐसा लगा कि म्हात्रे का फैसला गलत है, लेकिन इसके बाद हरारे स्पोर्ट्स क्लब मैदान में वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे का कहर बरपा। दोनों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और चौके-छक्कों की बरसात कर दी। इसी कड़ी में 14 साल के वैभव ने 55 गेंदों में शतक पूरा किया और अंडर-19 विश्व कप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। उन्होंने इस मामले में चार साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। वैभव सूर्यवंशी 80 गेंद में 175 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 15 चौके और 15 छक्के लगाए। उन्हें लम्सडेन ने रियू के हाथों कैच कराया।

screenshot 20260206 162445764386630782877281

वैभव ने 15वें ओवर में स्पिनर फरहान अहमद की शुरुआती दो गेंदों पर दो छक्के लगाए। इस तरह मैच में उन्होंने पांच छक्के पूरे किए। वहीं, टूर्नामेंट में यह उनका 20वां छक्का रहा। इन दो छक्कों के साथ ही वैभव अंडर-19 विश्व कप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। इस मामले में उन्होंने 2022 अंडर-19 विश्व कप में डेवाल्ड ब्रेविस द्वारा लगाए गए कुल 18 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ा। वैभव ने इसके बाद 17वें ओवर में भी फरहान अहमद की लगातार चार गेंदों पर चार बाउंड्रीज लगाईं। इनमें तीन छक्के और एक चौका शामिल है।

अंडर-19 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड
खिलाड़ी का नाम छक्के साल
वैभव सूर्यवंशी 28 2026
डेवाल्ड ब्रेविस 18 2022
फिन एलन 18 2016 और 2018
जैक बर्नहम 15 2016
माइकल हिल 14 2008
निकोलस पूरन 14 2014

म्हात्रे 53 रन बनाकर आउट हुए, 142 रन की साझेदारी
हालांकि, म्हात्रे 19वें ओवर में बड़े शॉट के चक्कर में आउट हो गए, लेकिन वैभव का ध्यान भंग नहीं हुआ। उन्होंने 55 गेंदों में शतक पूरा किया। इससे पहले उन्होंने 32 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया था। यानी 50 से 100 तक पहुंचने में वैभव ने केवल 23 गेंद लिए। वैभव ने 100 रन पूरे करने में आठ चौके और आठ छक्के लगाए। आयुष म्हात्रे ने 51 गेंद में सात चौके और दो छक्के की मदद से 53 रन बनाकर आउट हुए। म्हात्रे और वैभव के बीच दूसरे विकेट के लिए 90 गेंद में 142 रन की साझेदारी हुई।
अंडर-19 विश्व कप में सबसे तेज शतक
वैभव इसी के साथ अंडर-19 विश्व कप में दूसरे सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। वह बस ऑस्ट्रेलिया के विल मलाजचुक का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए, जिन्होंने इसी विश्व कप में 51 गेंद पर शतक जड़ा था।

वैभव फाइनल में शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज
इसी के साथ वैभव सूर्यवंशी भारत की ओर से अंडर-19 विश्व कप फाइनल में शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए। इससे पहले 2012 में उन्मुक्त चंद और 2018 में मंजोत कालरा ने शतक जड़ा था। वह अंडर-19 विश्व कप फाइनल के हाईएस्ट इंडिविजुअल स्कोरर भी बन गए हैं।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles