T-20 World Cup का ताज़ एक बार फिर भारत के सर पर…जीता T20 विश्व कप.. रंगपंचमी पर मनी दिवाली

अहमदाबाद। भारत ने न्यूजीलैंड को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में 96 रन से हराकर खिताब जीत लिया है। भारत के 255 रन के जवाब में न्यूजीलैंड 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। टीम इंडिया ने तीसरी बार टी20 विश्वकप का खिताब जीता है। इससे पहले टीम 2007 में पहले संस्करण और 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में खिताब जीती थी। सूर्यकुमार यादव का भी नाम विश्व विजेता कप्तानों में शुमार हो गया है। जीत के बाद देश भर में खुशी मनाई जा रही है। भोपाल में रंगपंचमी का त्यौहार दीवाली में बदल गया, इतनी अतिशबाजी हो रही है।

भारत ने न्यूजीलैंड के सामने 256 रन का लक्ष्य रखा था। इस मैच में टीम इंडिया ने रिकॉर्ड्स की बारिश कर दी है। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 255 रन बनाए। भारत एक समय 300 रन बनाती हुई दिख रही थी, लेकिन 16वें ओवर में नीशम ने तीन झटके दिए और इससे रन गति धीमी पड़ गई। भारत का स्कोर 15वें ओवर के बाद एक विकेट पर 203 रन था। इसके बाद 16वें ओवर में टीम इंडिया ने संजू सैमसन, ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव के विकेट गंवाए। इस ओवर में एक रन बना। फिर 17वें ओवर में सात रन और 18वें ओवर में नौ रन बने। 19वें ओवर में हार्दिक पांड्या आउट हुए और 11 रन बने। हालांकि, आखिरी ओवर में शिवम दुबे का बल्ला चला और इसकी वजह से टीम 250 के पार पहुंच सकी। दुबे आठ गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 26 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत ने आखिरी यानी 20वें ओवर में 24 रन बटोरे।

भारत को संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई। अभिषेक ने फॉर्म में वापसी की और फाइनल में उनका बल्ला चला। उन्होंने 21 गेंद में छह चौके और तीन छक्के की मदद से 52 रन की पारी खेली। संजू के साथ अभिषेक ने 43 गेंद में 98 रन की ओपनिंग साझेदारी की। अभिषेक को रचिन रवींद्र ने आउट किया। फिर संजू ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 48 गेंद में 105 रन की साझेदारी निभाई। सैमसन ने लगातार तीसरा अर्धशतक लगाया। वहीं, ईशान किशन ने भी फिफ्टी पूरी की। हालांकि, 16वें ओवर में दोनों आउट हो गए। सैमसन फिर शतक से चूक गए। वह 46 गेंद में पांच चौके और आठ छक्के की मदद से 89 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, ईशान ने 25 गेंद में चार चौके और चार छक्के की मदद से 54 रन की पारी खेली। 

हार्दिक 13 गेंद में 18 रन बना सके, जबकि सूर्यकुमार खाता नहीं खोल पाए। तिलक छह गेंद में आठ रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड की ओर से नीशम ने तीन विकेट झटके, जबकि मैट हेनरी और रचिन को एक-एक विकेट मिला। भारत का 255/5 का स्कोर टी20 विश्वकप फाइनल में सबसे बड़ा स्कोर है। भारत ने खुद का दो साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। 2024 टी20 विश्वकप के फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सात विकेट पर 176 रन बनाए थे।

न्यूजीलैंड को तीसरे ओवर में पहला झटका लगा। अक्षर पटेल ने फिन एलेन को तिलक वर्मा के हाथों कैच कराया। एलेन को पहले ओवर में जीवनदान मिला था, तब वह एक के स्कोर पर थे। अब वह नौ रन बनाकर आउट हुए। एलेन को जीवनदान देना भारी नहीं पड़ा। अक्षर की गेंद पर बड़े शॉट के चक्कर में एलेन लॉन्ग ऑन पर कैच थमा बैठे।

जसप्रीत बुमराह का कमाल सेमीफाइनल के बाद फाइनल में भी देखने को मिला है। उन्होंने लगातार दूसरे मैच में अपनी पहली ही गेंद (न्यूजीलैंड की पारी का चौथा ओवर) पर टीम इंडिया को सफलता दिलाई है। इससे पहले सेमीफाइनल में उन्होंने अपनी पहली गेंद पर हैरी ब्रूक को आउट किया था। वहीं, फाइनल में उन्होंने अपनी पहली गेंद पर रचिन रवींद्र को पवेलियन भेजा। रचिन एक रन बना सके। इससे पहले अक्षर ने फिन एलेन को आउट किया था। वह नौ रन बना सके थे। चार ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर दो विकेट पर 36 रन थे। न्यूजीलैंड को पांचवें ओवर में तीसरा झटका लगा। अक्षर पटेल ने ग्लेन फिलिप्स को क्लीन बोल्ड किया। वह पांच रन बना सके।

10 ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने पांच विकेट गंवाकर 88 रन बना.न्यूजीलैंड को 13वें ओवर में 124 के स्कोर पर छठा झटका लगा। अक्षर पटेल ने डेरिल मिचेल को ईशान किशन के हाथों कैच कराया। वह 11 गेंद में 17 रन बना सके। अक्षर की यह तीसरी सफलता रही। न्यूजीलैंड को बुमराह ने 16वें ओवर में लगातार दो गेंद पर दो झटके दिए। उन्होंने तीसरी गेंद पर नीशम और अगली गेंद पर मैट हेनरी को क्लीन बोल्ड किया।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles