IPL: जब ड्रेसिंग रूम में रोने लगे रोहित शर्मा…!

मुंबई। वानखेड़े स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुंबई इंडियंस की सात विकेट की जीत के बावजूद टी-20 क्रिकेट में रोहित शर्मा की फॉर्म टेंशन दे रही है। इस सीजन चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ शतक जड़ने के बाद से रोहित की खराब फॉर्म जारी है। एक महीने के बाद टी-20 विश्व कप शुरू होने वाला है, ऐसे में भारतीय कप्तान को लेकर चिंताएं लाजिमी है। बीती रात दुनिया के सबसे विस्फोटक ओपनर्स में शुमार रोहित शर्मा पांच गेंद में सिर्फ चार रन पर चलते बने। आउट होने के बाद उन्हें ड्रेसिंग रूम में निराश देखा गया। कैमरा जब उन पर फोकस हुआ तो पूरी दुनिया ने देखा कि रोहित कितने मायूस थे। चेहरे पर निराशा साफ झलक रही थी। आंखें भी नम थीं, जिसे पोछते हुए वह साफ देखे जा सकते थे।

इस साल अचानक मुंबई इंडियंस की कप्तानी से हटाए गए रोहित शर्मा ने सीजन की अपनी पहली सात पारियों में 297 रन बनाए, जिसमें दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 49 रन और सीएसके के खिलाफ घरेलू मैदान पर नाबाद 105 रन शामिल थे। हालांकि, अपने अगले पांच मैच में वह सिर्फ 34 रन ही जोड़ सके हैं, जिसमें चार स्कोर सिंगल डिजिट में हैं। मुंबई में बीती रात रोहित विपक्षी कप्तान पैट कमिंस की एक लैंथ गेंद पर आउट हो गए। वह इसे स्क्वायर के ऊपर से फ्लिक करना चाहते थे, लेकिन शॉट खेलने में जल्दबाजी की और गेंद आसमान में ऊंची चली गई। विकेटकीपर हेनरिक क्लासेन ने आराम से इसे पकड़कर रोहित का काम तमाम कर दिया।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles