भोपाल. इंदौर के रजत पाटीदार की कप्तानी में आखिरकार रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु (आरसीबी) को आईपीएल की ट्रॉफी मिल ही गए। 17 साल से आईपीएल में आरसीबी ने कई कप्तान बदले पर रजत इस टीम के लिए लकी चार्म साबित हुए। रजत ने इस आईपीएल में 15 मैच में 143.77 के स्ट्राइक रेट से 312 रन बनाए। इस सीजन वे दो फिफ्टी भी लगा चुके हैं। अब तक रजत आईपीएल में 1111 रन बना चुके हैं।
रजत के पिता मनोहर ने बताया कि रजत का बचपन अपने से बड़े लड़कों के साथ क्रिकेट खेलते हुए निकला। बेटा ऑलराउंडर है। राइट हैंडेड बैट्समैन तो है ही ऑफ स्पिनर भी बहुत अच्छा है।
रजत पाटीदार 2021 से RCB की फ्रेंचाइजी के साथ जुडे़ हुए हैं। उन्होंने इंजरी रिप्लेसमेंट के तौर पर 2022 में वापसी की थी। इस सीजन से पहले रजत पाटीदार 27 IPL मैचों में 158.85 के स्ट्राइक रेट से 799 रन बना चुके हैं। उनके नाम एक शतक और 7 अर्धशतक शामिल हैं। रजत के कप्तान बनने पर विराट कोहली ने उनका सपोर्ट भी किया था।
8 साल की उम्र में शुरू किया था खेलना
रजत का जन्म 1 जून 1993 को इंदौर में हुआ था। रजत 8 साल के थे, तब वे एक क्रिकेट क्लब में शामिल हो गए और बाद में दादाजी ने एक अकादमी में दाखिला दिलाया। रजत ने अपने करियर की शुरुआत एक गेंदबाज के रूप में की और अंडर-15 के बाद बैटिंग पर फोकस किया। 10 साल के होते-होते अपनी उम्र से बड़े लड़कों के साथ मैच खेलने लगे थे। 21 दिसंबर 2023 को रजत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया।
पिता मनोहर कहते हैं कि जब भी रजत इंदौर में होता है, वह खजराना गणेश के दर्शन करने जरूर जाता है। उसे मां के हाथ का खाना बहुत पसंद है। वैसे उसके इंदौर में रहने पर अधिकांश समय क्रिकेट एकेडमी में ही बीतता है, लेकिन आईपीएल में कप्तानी मिलने के बाद से वह बैंगलुरु में अधिकांश समय रहा।